दुनिया का सबसे अभिनव कार्यक्रम बनेगा हर घर तिरंगा : गोविंद ठाकुर

आजादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में हर घर तिरंगा अभियान विश्व का सबसे अभिनव और बड़ा अभियान होगा जहां देश के 20 करोड़ से अधिक घरों पर ध्वज फहराया जाएगा

दुनिया का सबसे अभिनव कार्यक्रम बनेगा हर घर तिरंगा : गोविंद ठाकुर

यंगवार्ता न्यूज़ - कुल्लू     02-08-2022

आजादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में हर घर तिरंगा अभियान विश्व का सबसे अभिनव और बड़ा अभियान होगा जहां देश के 20 करोड़ से अधिक घरों पर ध्वज फहराया जाएगा। यह बात शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से प्रदेश के शिक्षण संस्थानों को संबोधित करते हुए कही। 

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से 14 लाख से अधिक विद्यार्थी जुड़े और शिक्षक जुड़े हैं और लगभग हर घर का संबंध इस विभाग से है, इसलिये मुहिम को सफल बनाने में शिक्षा विभाग की भूमिका अहम् है।

गोविंद ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के समस्त सरकारी व निजी स्कूलों व कालेजों के विद्यार्थी शहरों, गांव व कस्बों में तिरंगा सहित प्रभात फेरियां निकालेंगे और किसी एक स्थान पर एकत्र होकर सभी जगहों पर समारोह का आयोजन किया जाएगा। 

प्रभात फेरियों के माध्यम से संदेश जन-जन तक पहुंचने में मदद मिलेगी। शिक्षण संस्थानों में आजादी के अमृत महोत्सव पर तिरंगा से संबंद्ध विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में तिरंगे के सम्मान में एक वातावरण का निर्माण किया जाएगा ताकि हर परिवार 13 अगस्त को अपने घर में तिरंगा लगाए।

सचिव कला व संस्कृति विभाग राकेश कंवर ने प्रदेश में हर घर तिरंगा मुहिम पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। झण्डा संहिता की बारीकी से जानकारी दी। उन्होंने तिरंगा प्राप्त करने के बारे में भी बताया। हर घर तिरंगा वैबसाइट पर वेण्डर्ज की सूची उपलब्ध है। इसके अलावा स्थानीय तौर पर जिलाधीश को तिरंगा के संबंध में अपनी मांग दी जा सकती है।

सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों व प्राध्यापकों ने बहुमूल्य सुझाव दिये तथा संस्थानों द्वारा की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा, हि.प्र. शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सोनी, रेगुलेटरी कमीशन के अध्यक्ष अतुल कौशिक, विभिन्न सरकारी व निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति, कालेजों व स्कूलों के प्रतिनिधि वीडियो कान्फेन्सिग से जुड़े।