अब प्रदेश के शहरों की दीवारों पर दिखेगी हिमाचली संस्कृति , हरेक जिला की उकेरी जाएगी पेंटिंग 

अब प्रदेश के शहरों की दीवारों पर दिखेगी हिमाचली संस्कृति , हरेक जिला की उकेरी जाएगी पेंटिंग 

यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला  12-12-2020
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अनोखे अंदाज में सेलिब्रेशन किया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के सभी बड़े शहरों की मुख्य दिवारों जिसमें सरकारी व अन्य महत्त्वपूर्ण दिवारों पर हिमाचली संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी।

इतना ही नहीं, सबसे बड़े जिला कांगड़ा की दिवारों में विश्व प्रसिद्ध कांगड़ा पेंटिगं भी बनाई जाएगी। पिछले 50 वर्षो में विकास कार्यो को लेकर और हिमाचल सहित जिला कांगड़ा की संस्कृति को लेकर इन दिनों शहर की मुख्य दिवारों पर पेंटिंग बनाई जा रही है। 25 जनवरी, 1971 को हिमाचल को पूर्ण राज्य के रूप में एक अलग पहचान मिली थी।

इसी दिन आज ही के दिन हिमाचल देश का 18वां राज्य बना था, इसी उपलक्ष्य में पेंटिंग बनाई जा रही हैं। ऐसे में आने वाले जनवरी को हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले पूरे 50 वर्ष हो जाएंगे।

इसी के चलते प्रदेश सरकार की ओर से प्रदेश के जिलाभर में सरकारी दीवारों पर संस्कृति व इतने वर्षों में हुए विकास कार्य को पेंटिंग के माध्यम से दर्शाया जा रहा है, ताकि जिला के लोगों सहित बाहरी राज्यों से भी हिमाचल घूमने आने वाले सैलानियों को यहां हुए विकास कार्य सहित यहां की संस्कृति को भी देखने को मौका मिले।

डीसी कार्यालय के बाहर वाली दीवार पर 50 वर्ष पूरा होने पर विशेष पेंटिंग बनाई जाएगी। इसके अलावा जिला कांगड़ा में पर्यटन स्थलों पर खूबसूरत पेंटिंग बनाने में अधिक फोकस किया जा रहा है, जिसमें दूसरी राजधानी व पर्यटन नगरी धर्मशाला, चाय नगरी पालमपुर, बैजनाथ व कांगड़ा के क्षेत्रों को विशेष तरजीह दी जाएगी।

इसके अलावा भी जिलाभर के मुख्य शहरों व पर्यटक स्थलों सहित मुख्य स्थानों पर भी अब जल्द ही खूबसूरत पेंटिंग नजर आएंगे, जो कि राज्य का इतिहास बताते हुए यहां की संस्कृति की भी झलक दिखाएंगी। इसके तहत स्मार्ट सिटी धर्मशाला मेें कांगड़ा पेंटिंग बनाने का कार्य शुरू हो गया है।

पूर्ण राज्य का दर्जा मिले प्रदेश को 25 जनवरी, 2021 को 50 वर्ष पूरे होने वाले है। ऐसे में सरकार की और से दीवारों पर कांगड़ा पेंटिंग बनाई जा रही है। जिसमें हिमाचल का इतिहास, सांस्कृतिक  व गौरवमयी पलों को भी दर्शाया जाएगा।