जाईका बदलेगा किसानों की आर्थिकी , हिमाचल के सभी जिलों में शुरू होगा प्रोजेक्ट 

जाईका बदलेगा किसानों की आर्थिकी , हिमाचल के सभी जिलों में शुरू होगा प्रोजेक्ट 
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 15-02-2021
 
हिमाचल प्रदेश में अब सभी जिले जापान इंटरनेशनल कारपोरेशन एजेंसी (जाईका) के प्रोजेक्ट में कवर होंगे। पहले चरण के बाद अब सूबे में प्रोजेक्ट का दूसरा चरण चलेगा। इस पर 1012 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। जापान की एजेंसी प्रोजेक्ट-दो के लिए वित्तीय मदद कर रही है।
 
जाईका प्रोजेक्ट-दो में प्रदेश के किसानों को सब्जी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों की फसलों की पैदावार बढ़ाने के लिए सिंचाई व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने पर फोकस रहेगा। इससे पहले प्रदेश सरकार ने 321 करोड़ के जाईका प्रोजेक्ट-एक से राज्य के सिर्फ पांच जिलों कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, ऊना और चंबा के किसानों को जोड़कर उनकी वित्तीय स्थिति में सुधार लाया है।
 
जाईका-एक की सफलता के बाद अब प्रदेश के सभी जिलों में कृषि फसलों खासकर सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने की तैयारी है। जाईका प्रोजेक्ट-दो में सब्जी और अन्य फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देकर प्रदेश के किसानों के लिए अतिरिक्त आय के स्रोत तैयार किए जाएंगे। प्रोजेक्ट के जरिये फसल विविधिकरण से किसानों की आय में वृद्धि की जा रही है।
 
जाईका प्रोजेक्ट-दो के लिए जापान की एजेंसी कम ब्याज दर पर प्रदेश सरकार को 1012 करोड़ रुपये का ऋण मुहैया कराएगी। प्रोजेक्ट का काम पूरा होने के तीस साल बाद यह ऋण लौटाना होगा। कृषि निदेशक डॉ. नरेश कुमार बधान के अनुसार 1012 करोड़ रुपये के जाईका प्रोजेक्ट-दो से प्रदेश के सभी जिलों को जोड़ा जा रहा है।
 
इसके तहत जिलों में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ कृषि क्षेत्र में विविधिकरण करके किसानों के लिए अतिरिक्त आय के स्रोत विकसित किए जाएंगे। सब्जी उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।