तब्लीगी प्रकरण : सात ज़िलों में पुलिस ने जारी किया अलर्ट, 167 क्वारंटाइन व औरों की तलाश जारी

तब्लीगी प्रकरण : सात ज़िलों में पुलिस ने जारी किया अलर्ट, 167 क्वारंटाइन व औरों की तलाश जारी


यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 02-April-2020

पुलिस ने दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज से हिमाचल लौट 167 लोगों की पहचान की है, लेकिन इनकी संख्या अभी बढऩे की आशंका है। बद्दी (पुलिस जिला) समेत सात जिलों में इनकी पहचान होने के बाद वहां अलर्ट जारी किया गया है।

सभी लोागें को संबंधित जिलों में होम क्वारंटाइन पर रखा गया है। पुलिस ने तब्लीगी जमात के लोगों की पहचान के लिए मुहिम छेड़ दी है। वीरवार पुलिस ने लोगों की तलाश शुरू की।

हिमाचल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एसआर मरडी ने बताया कि तब्लीगी जमात के 11 लोगों के खिलाफ शिमला के नेरवा में मामला भी दर्ज किया गया है।

ये एक गाड़ी में बिना कर्फ्यू परमिट के पांवटा से नेरवा आ रहे थे। मंगलवार को पता चला था कि निजामुद्दीन में मरकज में शामिल हुए हिमाचल के चंबा जिले से 14, सिरमौर से दो, कूल्लू से एक व्यक्ति को वहां क्वारंटाइन पर रखा गया है। वहां कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आने से देशभर में हड़कंप है।

एसपी कानून व्यवस्था राज्य पुलिस मुख्यालय डॉ. खुशहाल शर्मा का कहना है सात जिलों में अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों को भी चौकस रहने को कहा है। ऐसे लोगों की संख्या बढ़ सकती है।

डीजीपी ने जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया है कि धर्म प्रचार करने वाले विदेशियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की जाए। जो पर्यटक टूरिज्म वीजा लेकर आए हैं और धर्म प्रचार कर रहे हैं उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। ऐसे विदेशियों को वापस उनके देशों भेजा जाएगा। कानून सभी धर्मों पर लागू होगा।

मरकज से हिमाचल लौटे लोगों की जिलावार सूची

सिरमौर 32 , चंबा 10 , बद्दी 53 , ऊना 35 , मंडी 4 , शिमला 23 और कांगड़ा जिला से10 लोग मरकज में शामिल हुए थे। इन सभी को संबंधित जिलों में क्वारंटाइन पर रखा गया है।