पुलिस जवान मनोज को फेसबुक पर वीडियो डालना पड़ा महंगा , सस्पेंड

पुलिस जवान मनोज को फेसबुक पर वीडियो डालना पड़ा महंगा , सस्पेंड

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी    27-March-2020

देशभक्ति की कविताओं से देशभर में सुर्खियां बटोरने वाले मुख्य आरक्षी मनोज कुमार को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभाग जांच के आदेश दिए गए हैं।

वह मंडी जिला के सदर पुलिस थाना में तैनात थे। मनोज कुमार ने पुलिस थाना में डंडे सैनिटाइज करते समय एक वीडियाे बनाया था। वीडियो में वह यह कह रहे हैं।

पुलिस अब हिंसक हो गई है। लोग मान नहीं रहे हैं। अब उन पर डंडे बरसाए जाएंगे। पुलिस के डंडों से जिन लोगों की पिटाई होगी, उनको कोरोना हो सकता है।

वीडियो बनाकर अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया था। इससे पुलिस प्रशासन की जमकर किरकिरी हो रही थी। पुलिस प्रशासन के संज्ञान में मामला आते ही मनोज कुमार को वीरवार देर रात सस्पेंड कर दिया गया।

वहीं, सुंदरनगर, नेरचौक व मंडी में आम लोगों के साथ मारपीट करने के दो वीडियो वायरल हुए हैं। लोगों के साथ मारपीट करने वाले वीडियो में दिख रहे पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।

पुलिस अधीक्षक ने सभी वीडियो की जांच के आदेश दिए हैं। दोषी पाए जाने पर इन पुलिस कर्मियों पर निलंबन की गाज गिर सकती है। मंडी शहर में एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले एएसआइ व अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बात का कड़ा संज्ञान लिया है। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा का कहना है डंडे सैनिटाइज करते समय उन्हें लोगों पर बरसाने की बात करने वाले मुख्य आरक्षी मनोज कुमार को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है।