बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यशवंत चौक पर किया धरना प्रदर्शन 

बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यशवंत चौक पर किया धरना प्रदर्शन 

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन   27-06-2021

एंजिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस पार्टी द्वारा बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन से पूर्व कांग्रेस भवन से यशवंत चौक तक कार्यकर्ताओं द्वारा रोष रैली के दौरान जमकर नारेबाजी की गई।

पार्टी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित रोष रैली में कांग्रेस पार्टी से संबंधित सभी संगठनों ने हिस्सा लिया। निर्धारित समय अनुसार पार्टी के सभी संगठन कांग्रेस भवन में इकट्ठा हुए। 

कांग्रेस भवन से लेकर धरना स्थल तक कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मीडिया से बात करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कंवर अजय बहादुर सिंह ने बताया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा यह सांकेतिक धरना देश के किसानों के समर्थन में और महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ दिया है। 

उन्होंने कहा कि देश महंगाई चरम सीमा पर है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यदि कोई इस बारे में आवाज उठाता है तो उसके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाता है। 

जिलाध्यक्ष ने हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सामने पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हुई झड़प की भी निंदा की। 

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस  के मुख्यमंत्री के समक्ष इस तरह की वारदात होती तो तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाती। इसके अलावा उन्होंने भाजपा के नेताओं द्वारा महिलाओं पर किए जा रहे अत्याचार की भी निंदा की।