मंडी में नेताओं की शक्ति प्रदर्शन स्थली बन गई युवा कांग्रेस की श्रद्धांजलि सभा 

मंडी में नेताओं की शक्ति प्रदर्शन स्थली बन गई युवा कांग्रेस की श्रद्धांजलि सभा 
यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी   23-08-2021
 
हिमाचल प्रदेश के मंडी के बिपाशा सदन में युवा कांग्रेस की राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि सभा में नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी व प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के मकसद से रखे कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह, शिमला ग्रामीण क्षेत्र के विधायक विक्रमादित्य सिंह व युकां प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी समर्थकों के कंधों पर सवार होकर सभा में पहुंचे।
 
इस दौरान अपने-अपने नेताओं के समर्थन में समर्थकों ने खूब नारे लगाए। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अमरप्रीत लाली ने पंडाल में नारे लगा रहे कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। लाली ने कहा कि यहां श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम रखा है। 
 
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सीटियां अच्छी नहीं लगतीं। उन्होंने नारे लगाने वाले कार्यकर्ताओं को पंडाल से बाहर जाने को कहा। वहीं, कौल सिंह ने सभी को बैठने और अनुशासन में रहने के लिए कहा।
 
बता दें अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद विक्रमादित्य सिंह पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री भी भाग ले रहे हैं। युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा अल्लावरू भी रहे मौजूद हैं। 
 
इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह स्वर्गीय राजीव गांधी और वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने आए हैं। हिमाचल के कोने-कोने से आए युवाओं से आग्रह है कि सभी एकजुट होकर संयम से आगे बढ़े। हमारे  इतिहास को मिटाने की कोशिश आज की तानाशाह सरकार कर रही है। एक पैसे का योगदान भाजपा सरकार का नहीं है। जो भी हिमाचल में क्षेत्रवाद का नारा देते हैं उन्हें उखाड़कर फेंकने की जरूरत है।
 
वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को जोड़ने का काम किया। विक्रमादित्य ने आगे कहा कि गला फाड़ने से कुछ नहीं होगा। मादा दिखाना है तो बूथ पर दिखाओ। वार्ड, पंचायत से लीड लेकर दिखाओ। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए कहा कि निगम भंडारी अब युकां अध्यक्ष हैं, अगर उसके ऊपर कोई पद है तो बताओ अभी बिठा देंगे।
 
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 12 जिले डॉ. वाईएस परमार की देन है। वीरभद्र सिंह की तरह कोई हो नहीं सकता। भाजपा के पास इस स्तर का नेता नहीं। मंडी के सांसद ने एक रात अचानक फांसी लगा दी। मामले में सीबीआई जांच क्यों नहीं हुई,  सीएम चुप क्यों है? जांच होकर रहेगी। आज नहीं तो कल।
 
सीएम जयराम बताएं कि वीरभद्र की प्रतिमा रिज पर लगेगी या नहीं। यह जनता की आवाज है। भाजपा सरकार अगर नहीं लगाती तो कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रतिमा स्थापित होगी। युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा अल्लावरू ने कहा-जब भी हिमाचल आता हूं अपनापन लगता है। केंद्र सरकार भाषण, शासन और शोषण की राजनीति कर रही है।
 
भाजपा नेता कभी अच्छे दिन, कभी पेट्रोल-डीजल कम करने की भाषण में बात करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने सात साल में पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी करके 22 लाख करोड़ अपनी तिजोरी में डाला है। यह पैसा जनता की जेब से आया। शासन का वक्त आया तो इस पैसे का फायदा जनता को नहीं मिला।