मेरी ब्यास जीवन की आस थीम पर जिला स्तरीय रिवर फेस्टिवल 21 को : डीसी

आजादी का अमृत महोत्सव की कड़ी में आगामी 21 दिसम्बर को नेचर पार्क मोहल में जिला स्तरीय नदी उत्सव का आयोजन किया जाएगा।

मेरी ब्यास जीवन की आस थीम पर जिला स्तरीय रिवर फेस्टिवल 21 को : डीसी
मोहल ब्यास तट पर महा-आरती व दीपोत्सव उत्सव के मुख्य आकर्षण

यंगवार्ता न्यूज़ - कुल्लू   17-12-2021
 
आजादी का अमृत महोत्सव की कड़ी में आगामी 21 दिसम्बर को नेचर पार्क मोहल में जिला स्तरीय नदी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। नेचर पार्क के समीप ब्यास तट पर सांय छः बजे हजारों दीपों की जगमगाहट के बीच सैंकड़ों लोगों द्वारा महा-आरती उत्सव के मुख्य आकर्षण रहेंगे।
 
 इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कि ब्यास नदी उत्सव कुल्लू व मण्डी दोनों जिलों में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू के समीप मोहल स्थित नेचर पार्क में प्रातः 8 बजे से सांय 7 बजे तक अनेकों कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। 
 
नदी उत्सव को बड़े पैमाने पर तथा आकर्षक ढंग से मनाने के उद्देश्य से उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता के.के. कुल्लवी उत्सव के नोडल अधिकारी होंगे।
 
इसके अलावा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी, जिला भाषा अधिकारी, उपनिदेशक उच्च व प्रारंभिक शिक्षा, युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी व जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता समिति के सदस्य होंगे। इनके अलावा डॉ. सुरत ठाकुर तथा पुजारी संघ के अध्यक्ष को उत्सव को आकर्षक बनाने में सहयोग के लिये आमंत्रित किया गया है।
 
आशुतोष गर्ग ने कहा कि ‘मेरी ब्यास, जीवन की आस’ थीम पर आधारित नदी उत्सव को बड़े स्तर पर मनाने तथा आकर्षक बनाने के लिये विभिन्न विभागों, स्कूलों, स्वयं सेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। योग सत्र के उपरांत पौधरोपण किया जाएगा जिसमें वन विभाग द्वारा देवदार के पौधे उपलब्ध करवाएं जाएंगे और लोग इसमें भाग लेंगे। नेहरू युवा केन्द्र व एनएसएस वॉलन्टियर्ज नदी उत्सव की विभिन्न गतिविधियों का अहम हिस्सा होंगेे।
 
रिवर अवर लाइफ लाइन यानी नदी हमारा जीवन थीम पर नेचर पार्क में स्कूली बच्चों की चित्रांकन प्रतियोगिता प्रातः 10 बजे से 11 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। इसकी व्यवस्था उपनिदेशक उच्च व प्रारंभिक शिक्षा करेंगे। विजेताओं को पुरस्कार तथा प्रमाण पत्र जल शक्ति विभाग द्वारा प्रदान किये जाएंगे।
 
उपायुक्त ने नेचर पार्क में ब्यास नदी पर सायं 5.30 बजे नदी की महाआरती में समस्त नागरिकों से भाग लेने की अपील की है। महा-आरती से पूर्व हजारों दीप प्रज्वलित किये जाएंगे जिससे संगम स्थल पूरी तरह से जगमगा जाएगा। इस अद्वितीय दृश्य के हजारों लोग साक्षी बनेंगे। नदी हमारा जीवन के महत्व को लोगों को संदेश देना महाआरती तथा दीपों का उद्देश्य है।
 
इससे पूर्व ब्यास नदी में सफाई अभियान भी चलाया जाएगा जिसमें वॉलन्टियर्ज के अलावा स्वेच्छा से स्थानीय लोग भाग लेंगे। आशुतोष गर्ग ने समस्त विभागों के अधिकारियों को नदी उत्सव में निजी तौर पर उपस्थित रहने तथा सहयोग करने को कहा है। उन्होंने आम जनमानस से अपील की है कि आजादी के अमृत महोत्सव का सभी नागरिक हिस्सा बनें और नदियों के संरक्षण में अपना योगदान करें।