रैलियों में सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही सरकार , सत्ता की नहीं परिवर्तन की जंग लड़ रही कांग्रेस : संजय दत्त 

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अमृत महोत्सव के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। आलम यह है कि सरकारी कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रचार और प्रसार किया जा रहा है। यह बात जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त ने कही

रैलियों में सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही सरकार , सत्ता की नहीं परिवर्तन की जंग लड़ रही कांग्रेस : संजय दत्त 
 
यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन   12-10-2022
 
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अमृत महोत्सव के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। आलम यह है कि सरकारी कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रचार और प्रसार किया जा रहा है। यह बात जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त ने कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले 5 वर्षों में महंगाई , भ्रष्टाचार और बेरोजगारी इस कदर बढ़ गई है कि मध्यम और निम्न वर्गीय परिवार को दो जून की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है। 
 
 
कांग्रेस के सह प्रभारी ने कहा कि देश में हिमाचल प्रदेश शायद ऐसा पहला राज्य होगा जहां की खस्ताहाल सड़कों पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है।  उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सड़कें खस्ताहाल है और प्रदेश के मुख्यमंत्री हवा में उड़ रहे हैं , लेकिन इस बार हिमाचल प्रदेश की जनता अब मूड बना चुकी है कि हिमाचल प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करके रहेंगे। जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के सह प्रभारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार टूरिज्म का दोहन करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा बिना बजट के ही घोषणा की जा रही है। 
 
 
 
कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी ने कहा कि यदि केंद्र की बात करते हैं तो केंद्र सरकार चंद पूंजीपतियों के विकास में लगी हुई है। संजय दत्त ने बताया कि कांग्रेस द्वारा प्रदेश की जनता के लिए जो 10 गारंटियां दी गई है उन्हें कांग्रेस सत्ता में आते ही पूरा करेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि सोलन के बाद पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्रों में भी रैलियां करेंगी। भारत जोड़ो यात्रा से कुछ समय निकालकर राहुल गांधी को भी प्रदेश में प्रचार के लिए बुलाया जाएगा। संजय दत्त ने कहा कि हिमाचल के मुद्दों पर चुनाव लड़ने से भाजपा भाग रही है। 
 
 
बीते पांच वर्षों में सरकार प्रदेश का विकास करने में नाकाम रही है। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही 2014 और 2019 की तरह प्रधानमंत्री को जुमलेबाजी के लिए बार-बार बुलाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर जाने वालों को गद्दार की संज्ञा भी दी। संजय दत्त ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जनता को देना चाहिए। भाजपा ने बीते चुनावों में जनता से जो वादे किए थे, उनका क्या किया? इस पर बात होनी चाहिए। 
 
 
मुख्यमंत्री भांप गए हैं कि हिमाचल से अब उनकी सरकार की विदाई तय है। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार , पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर , पूर्व विधायक किरनेश जंग चौधरी , पूर्व विधायक अजय बहादुर सिंह , कांग्रेस के महासचिव अजय सोलंकी , कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रूपेंद्र ठाकुर , संदीप शर्मा और बृजराज  समेत कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।