वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जीती कोरोना से जंग

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जीती कोरोना से जंग

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 23-04-2021

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने कोरोना वायरस से जंग जीत ली है। उनकी कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 13 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना संक्रिमत पाए गए थे, उसके बाद उन्हें इलाज के लिए मोहाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

चिकित्सक उनकी कड़ी निगरानी कर रहे थे। डॉक्टरों ने उनकी हालत में सुधार को देखते हुए शुक्रवार को उनका कोरोना वायरस टेस्ट किया, जिसमें उनकी रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। अब कुछ दिन निगरानी में रखने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है।

 वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने फेसबुक पेज पर इस संबंध में जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा कि मां भीमाकाली के आशीर्वाद और जनता की दुआओं से वीरभद्र सिंह की रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है। उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार है।

डॉक्टर की सलाह के बाद वह जल्द ही शिमला लौटेंगे। वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। हिमाचल की राजनीति की में उनका अहम स्थान है। वह केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।