सेब बागवानों के लिए 10 सीए स्टोर स्थापित करेगी सरकार, नौतोड़ भूमि मामलों का होगा हल : सुक्खू 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार किन्नौर जिले में नौतोड़ भूमि मामलों के सभी पहलुओं की जांच कर इसका सर्वमान्य समाधान निकालेगी

सेब बागवानों के लिए 10 सीए स्टोर स्थापित करेगी सरकार, नौतोड़ भूमि मामलों का होगा हल : सुक्खू 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     06-04-2023

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार किन्नौर जिले में नौतोड़ भूमि मामलों के सभी पहलुओं की जांच कर इसका सर्वमान्य समाधान निकालेगी। यह बात मुख्यमंत्री ने किन्नौर वेलफेयर सोसायटी के कार्यक्रम ‘तोशिम-2023’ को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला अपनी समृद्ध संस्कृति के लिए विश्वविख्यात है और वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। 

सीएम सुक्खू ने हा कि प्रदेश सरकार सेब उत्पादकों को अधिक लाभ प्रदान करने के लिए राज्य में 10 सीए (नियंत्रित वातावरण) स्टोर स्थापित कर रही है ताकि उन्हें बिचौलियों के शोषण से बचाकर उनके उत्पादों के लाभकारी मूल्य सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि विभाग ने इन सीए स्टोरों की स्थापना के लिए निविदाएं जारी कर दी हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के लिए किन्नौर जिले में भूमि चिन्हित कर ली गई है। इस स्कूल का परिसर 40 बीघा भूमि में स्थापित किया जाएगा और इसका निर्माण कार्य इसी वर्ष शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये स्कूल राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खोले जाएंगे, जो विद्यार्थियों को उनके घरों के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेंगे। 

सीएम ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर निर्भर करती है और सरकार इस क्षेत्र को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में हेलीपोर्ट विकसित किए जाएंगे। इससे राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। 

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार समाज के हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सुख-आश्रय विधेयक-2023 को वर्तमान विधानसभा सत्र में प्रस्तुत किया गया है। इससे राज्य के लगभग 6000 अनाथ सम्मानजनक तरीके से जीवन-यापन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में गोद लिया जाएगा। 

इसके अंतर्गत 27 वर्ष की आयु तक उनकी उच्च शिक्षा, जेब खर्च और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने समाज में उल्लेखनीय योगदान के लिए बॉक्सर मीनाक्षी नेगी और जम्मू-कश्मीर में कार्यरत प्रधान आयुक्त (जीएसटी) हीर भगत नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने मुक्केबाजी में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए मीनाक्षी नेगी को एक लाख का पुरस्कार की घोषणा की। 

इस अवसर पर उन्होंने स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर किन्नौर वेलफेयर सोसायटी ने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष के लिए 1.11 लाख की राशि का चेक मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री ने एक लाख रुपये की घोषणा की।