सोलन में 34 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं के मुख्यमंत्री ने किये लोकार्पण और शिलान्यास  

सोलन में 34 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं के मुख्यमंत्री ने किये लोकार्पण और शिलान्यास  

यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन   07-03-2021

सोलन शहर में नगर निगम के गठन से शहर का योजनाबद्ध और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा। इससे यहां का पुराना वैभव और महत्व भी बना रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह बात आज सोलन शहर के निवासियों द्वारा नगर परिषद सोलन को नगर निगम के रूप में स्तरोन्नत करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने के लिए ठोडो मैदान में आयोजित अभिनन्दन समारोह के दौरान कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने लोकतंत्र की सबसे निचली व महत्वपूर्ण इकाई के संस्थानों में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 412 नई ग्राम पंचायतें, सात नगर पंचायतें और तीन नगर निगमों का गठन किया है। 

उन्होंने कहा कि सोलन, पालमपुर और मंडी में तीन नए नगर निगमों का गठन इसलिए महत्वपूर्ण था, ताकि इन सभी शहरों का योजनाबद्ध और व्यवस्थित तरीके से विकास किया जा सके। राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के इन सभी तीनों शहरों के लोगों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया गया है।

जयराम ठाकुर ने सोलन के लोगों से नगर निगम चुनावों में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि विकास निर्बाध रूप से चलता रहे। जिसमें भाजपा ने सभी चार सीटों पर रिकाॅर्ड अंतर से जीत दर्ज की थी। 

उन्होंने कहा कि इस दिशा में एक कदम और आगे बढ़ते हुए भाजपा को राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल हुई, जो पूर्व में कभी नहीं हुआ था। भाजपा ने विधानसभा के दोनों उपचुनावों और उसके पश्चात पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों में जीत दर्ज की।

मुख्यमंत्री ने परिवहन नगर सोलन के लिए दो करोड़ रुपये, सोलन में तीन नई पार्किंग के लिए दो करोड़ रुपये और नगर निगम सोलन के 17 वार्डों के योजनाबद्ध विकास के लिए दो करोड़ रुपये की घोषणा की। 

नागरिक अस्पताल सोलन में सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे संयत्र स्थापित किया जाएगा। सोलन और कंडाघाट अस्पतालों में डाॅक्टरों के पर्याप्त पद भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि कंडाघाट स्टेडियम और इंडोर स्टेडियम सोलन का कार्य शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने जिला सोलन के सोलन विधानसभा क्षेत्र में लगभग 34 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने कंडाघाट तहसील की ग्राम पंचायत सतड़ोल में 1.41 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना बदरौण के संवर्द्धन कार्य और क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 93 लाख रुपये के कोविड आईसीयू केंद्र का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के 3.93 करोड़ रुपये की लागत के मुख्यालय भवन, 15 करोड़ रुपये की लागत से गिरी नदी से सोलन शहर की उठाऊ पेयजल योजना के सुधार एवं स्तरोन्नयन कार्य, तीन करोड़ रुपये की लागत से सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरोट व बसाल तहसील की विभिन्न बस्तियों के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, 2.19 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत मशीवर और जौणाजी के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना के संवर्द्धन कार्य, 1.25 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत कनैर और जधाणा में मेहली चरण-2 उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, जटोली में 4.21 करोड़ रुपये के माॅडल करियर सेंटर और 1.27 करोड़ रुपये की लागत की सोलन की जल आपूर्ति वितरण के चरण-2 के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया।

जोगिन्द्रा बैंक के प्रबन्धन की ओर से जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेश भारतीय ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2.56 लाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया। इसके पश्चात, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य में सहभागिता योजना के अंतर्गत साईं संजीवनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल सोलन का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोलन, मंडी और पालमपुर में तीन नए नगर निगम गठित किए, ताकि राज्य के तेजी से विकसित हो रहे इन शहरों का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय है और इसका उद्देश्य हमारे शहरों को और अधिक जीवंत और आत्मनिर्भर बनाना है।

राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और विधायक डाॅ. राजीव बिंदल ने सोलन शहर के लोगों को उनके प्यार और परोपकार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सोलन शहर देश का सबसे तेजी से विकसित हो रहा शहर है। उन्होंने कहा कि शहर का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक था कि शहर को निगम का दर्जा मिले। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर सोलन शहर के लोगों के हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने सोलन शहर की विकासात्मक मांगों के बारे में विस्तार से बताया।

पूर्व सांसद और राष्ट्रीय भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेन्द्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सोलन जिला को नगर निगम का दर्जा देना सोलन शहर के लोगों के लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि नवगठित नगर निगम की सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करना अब शहर के लोगों की जिम्मेदारी है।

विधानसभा चुनाव-2017 में भाजपा उम्मीदवार डाॅ. राजेश कश्यप और भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत किया।

राज्य भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सूद, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष योगेश भारतीय, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, राज्य भाजपा उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, हिमकोफेड अध्यक्ष रतन सिंह पाल, जल प्रबन्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, उपायुक्त केसी चमन और अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।