अब बेरोकटोक रोहतांग जा पाएंगे पर्यटक , बीआरओ ने सैलानियों के लिए बहाल किया दर्रा 

आखिरकार हिमाचल के ऊँचे दर्रों में से एक रोहतांग को सैलानियों के लिए बहाल हो गया है। सैलानी आराम से दर्रे में वाहन से उतरकर ही बर्फ से रूबरू हो सकते हैं।

अब बेरोकटोक रोहतांग जा पाएंगे पर्यटक , बीआरओ ने सैलानियों के लिए बहाल किया दर्रा 
 मनाली से दर्रे के सफर में बरतनी होंगी खास सावधानियां
 
यंगवार्ता न्यूज़ - मनाली   31-10-2021
 
आखिरकार हिमाचल के ऊँचे दर्रों में से एक रोहतांग को सैलानियों के लिए बहाल हो गया है। सैलानी आराम से दर्रे में वाहन से उतरकर ही बर्फ से रूबरू हो सकते हैं। गत सप्ताह हुई बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए बंद हो गया था।
 
लेकिन बीआरओ ने इस दर्रे को वाहनों के लिए खोल दिया है। वहीं मनाली प्रशासन ने भी इसे सैलानियों के लिए बहाल कर दिया है। धूप खिलते ही बर्फ से ढकी रोहतांग की वादियां निखर उठी है।
 
चारों ओर बिछी बर्फ की परत पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हालांकि पर्यटकों को यहां का सफर करने के दौरान सावधानी भी बरतनी होगी। सुबह व शाम के समय सड़क पर बर्फ जमने से फि‍सलन का खतरा बढ़ जाएगा। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतनी होगी।
 
 पर्यटन स्थल मढ़ी में भी बहुत दिनों बाद रौनक लौटने लगी है। मढ़ी के ढाबा संचालक पूर्ण ठाकुर व ढूंगर ने बताया सैलानियों के रोहतांग में दस्तक देते ही मढ़ी में भी रौनक लौटने लगी है। उन्होंने बताया खिली धूप में पर्यटक बर्फ के दीदार को दस्तक देने लगे हैं। 
 
फोटोग्राफर का कारोबार कर रहे सुरेंद्र, दीपक व कमलेश ने बताया रोहतांग के बहाल होने से उनका भी कारोबार चल पड़ा है। उन्होंने बताया हालांकि पर्यटकों की आमद बहुत कम है। लेकिन दीपावली में पर्यटन कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है।
 
 होटल कारोबारी बंशी, सुशील, राजीव शर्मा व रवि ब्यास ने बताया कि पहाड़ों पर बिछी बर्फ की सफेदी के चलते दीपावली में पर्यटकों की आमद बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बताया वे लोग दीपावली उत्सव की तैयारी में जुटे हुए हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि नवंबर महीने में पर्यटन कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है।
 
एसडीएम मनाली डाक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने कहा बीआरओ की ओर से रोहतांग दर्रा बहाल करने के बाद दर्रा सैलानियों के लिए बहाल कर दिया है। उन्होंने बताया कि रोहतांग पर सैलानियों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी।