2022 और 2024 में भी होगी नरेंद्र मोदी-जयराम की जोड़ी आनी में गरजे सीएम 

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू जिले के आनी में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आनी की जनता से मंडी

2022 और 2024 में भी होगी नरेंद्र मोदी-जयराम की जोड़ी आनी में गरजे सीएम 
बोले,  हमारी नाटी देखने की आदत डाल ले कांग्रेस नेता 
 
यंगवार्ता न्यूज़ - कुल्लू   09-10-2021
 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू जिले के आनी में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आनी की जनता से मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को विजयी बनाकर दिल्ली भेजने की अपील की।
 
मुख्यमंत्री से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि मेरी पृष्ठभूमि ग्रामीण क्षेत्र से है। मेरा जीवन देश सेवा में ही बीता है चाहे वो कारगिल का युद्ध हो या फिर दक्षिण अफ्रीका में ऑपरेशन खुखरी।
 
खुशाल ठाकुर ने कहा कि आज तक मुझे जो भी अवसर मिला है मैंने उसे ईमानदारी के साथ पूरा करने की कोशिश की है। अब मुझे राजनीति में अवसर मिला है, यहां भी योद्धा की तरह डटकर काम करूंगा।
 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आनी हमारा पड़ोसी विधानसभा क्षेत्र है। आज एक पड़ोसी के नाते मैं आपके बीच में हूं। कुछ दिन पहले निरमंड में जब आना हुआ तो उस दिन हमने ऐतिहासिक 234 करोड़ के शिलान्यास व उद्घाटन किए।
 
कुछ योजनाएं पूरी हो हो चुकी हैं और कुछ हम इस चुनाव के तुरंत बाद पूरी करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामस्वरूप जी हमारे साथ नहीं है। उनकी कमी महसूस होती है।
 
उनकी कमी को कैसे पूरा किया जाए इसके लिए एक ऐसा शख्स चाहिए था जो ईमानदार, शालीन, संस्कारी और कर्मठ हो और जब लड़ाई की बात आए तो लक्ष्य को निर्धारित कर आगे बढ़ने वाला हो। इसके लिए ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को चुना गया।
 
मुख्यमंत्री ने आनी की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार आनी में काफी देर बाद आना हुआ। कोरोना भी इसकी एक वजह रही। क्योंकि जब हम आते हैं तो हमारे संस्कार हमारी संस्कृति लोग इकट्ठा होते हैं।
 
कार्यक्रम होता है तो भीड़ भी हो जाती है और नाटी का फेरा भी हो जाता है। कोरोना की वजह से तो दो साल से नाटी तो खत्म सी हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी यह कहती थी कि ये तो नाटी वाले सीएम हैं, लेकिन मैं किसी की परवाह नहीं करता। जब नाटी का अवसर होता है तो हम नाचते हैं।
 
अगर आपको नाचना है तो आ जाओ, नहीं तो देखते रहो। ये नाटी अभी पांच साल और देखनी पड़ेगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लगभग पूरे देश में खत्म हो गई है। इसका उदाहरण हमारे पड़ोसी पंजाब में देखा जा सकता है।
 
सिद्धू को अध्यक्ष बना दिया बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस का भविष्य देश में तो समाप्त है ही प्रदेश में भी समाप्त है।
 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि 2022 भी भाजपा का होगा, 2024 भी भाजपा का होगा। 2024 में नरेंद्र मोदी होंगे और 2022 में यहां आपका सिराजी होगा।