बूथ स्तर पर जरूरतमंदों को 15 दिन का राशन उपलब्ध करवाएगी भाजपा : डा. बिंदल

बूथ स्तर पर जरूरतमंदों को 15 दिन का राशन उपलब्ध करवाएगी भाजपा : डा. बिंदल

प्रदेश के 9447 बूथों पर तैयार की जा रही है सक्षम कार्यकर्ताओं की सूची

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन   27-March-2020

कोरोना कर्फ्यू के बीच हिमाचल भाजपा बूथ स्तर पर जरूरतमंद लोगों को 15 दिन का राशन उपलब्ध कराएगी। यह बात शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कही।

नाहन में मीडिया से बातचीत में डा. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद लोगों को 15 दिनों का राशन उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आवाहन पर इस कार्य के लिए बूथ स्तर पर 15 दिनों का राशन देने में सक्षम कार्यकर्ताओं की सूची बनाई जा रही है।

इसके साथ साथ उन लोगों की भी सूची बनाई जा रही है जिन्हें राशन उपलब्ध कराया जाना है। उन्होंने कहा कि अगले 12 घंटों में प्रदेश के 9447 बूथों से करीब 45 हजार ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है जो 15 दिनों का राशन गरीब परिवारों को उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए सभी कार्यकर्ता कर्फ्यू का पालन करते हुए टेलीफोन के माध्यम से अपनी सेवाएं देंगे और राशन वितरण के लिए प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा।

कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए प्रदेश में जारी कर्फ्यू के चलते पिछले एक सप्ताह में जयराम सरकार ने जनता के हितों को देखते हुए बेहतर कार्य किए है।

उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने प्रदेश के 2 लाख 40 हजार मजदूर परिवारों को राहत देने की जो घोषणा की है वह निश्चित तौर पर सराहनीय है।