ऐलान : देश भर में 18 को रेल रोकेगा संयुक्त किसान मोर्चा , 26 को होगी महापंचायत

संयुक्त किसान मोर्चा अब सरकार से आर पार की लड़ाई के मूड में है।  संयुक्त किसान मोर्चा  ने ऐलान कर दिया की अगर सरकार ने किसानो मांगे नहीं मानी तो किसान 18 अक्टूबर को देश भर में रेल रोकेंगे

ऐलान : देश भर में 18 को रेल रोकेगा संयुक्त किसान मोर्चा , 26 को होगी महापंचायत

न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली  09-10-2021

संयुक्त किसान मोर्चा अब सरकार से आर पार की लड़ाई के मूड में है।  संयुक्त किसान मोर्चा  ने ऐलान कर दिया की अगर सरकार ने किसानो मांगे नहीं मानी तो किसान 18 अक्टूबर को देश भर में रेल रोकेंगे। 

संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त कर उनको और उनके पुत्र आशीष मिश्र को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग उठाई है। संयुक्त किसान मोर्चा ने लखीमपुर खीरी हत्याकांड के विरोध में यहां संवाददाता सम्मेलन में शनिवार को ऐलान किया है।

26 अक्टूबर को लखनऊ में किसान मोर्चा महापंचायत करेगा। इसके अलावा 18 अक्टूबर को देशभर में रेल रोकने का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि लखीमपुर खीरी हिंसा के विरोध में 15 अक्टूबर को दशहरा पर पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंकेंगे।

लखीमपुर खीरी की घटना पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 15 अक्टूबर को पुतला दहन होगा। 18 अक्तूबर को छह घंटे ट्रेन रोकी जाएगी। मोर्चा ने आरोप लगाया कि लखीमपुर की घटना सोची-समझी साजिश के तहत की गई है, इसलिए मिश्र को बर्खास्त कर उनको और उनके पुत्र आशीष मिश्र मोनू को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

 भारतीय किसान यूनियन उग्रहान के जोगिंदर सिंह उग्रहान ने कहा कि भाजपा की सरकार ने आंदोलन को बदनाम करने की तमाम कोशिश की लेकिन वे विफल हो गईं। आंदोलन को तोड़ने में विफल होने के बाद पिछले तीन महीने से भाजपा सरकार जो कर रही है, वह बहुत खतरनाक है।

सरकार हिंसा के माध्यम से आंदोलन को कुचलना चाहती है। सरकार पूरी तरह हिंसा पर उतारू है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब शांति और संघर्ष से दिया जाएगा। 

संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य दर्शन पाल ने कहा कि 25 सितंबर को मिश्र ने भड़काऊ भाषण दिया, जिसका परिणाम तीन अक्टूबर को सामने आया। हिंसा के माध्यम से देशभर में दहशत का माहौल बनाया जा रहा है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।