कुल्लू और मंडी में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद दिल्ली रवाना हुए जयराम ठाकुर  

कुल्लू और मंडी जिले में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली रवाना हो गए हैं। उन्हे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली बुलाया

कुल्लू और मंडी में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद दिल्ली रवाना हुए जयराम ठाकुर  

यंगवार्ता न्यूज़ - कुल्लू    13-07-2023

कुल्लू और मंडी जिले में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली रवाना हो गए हैं। उन्हे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली बुलाया है।उन्होंने वीरवार सुबह भुंतर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। हालांकि वह सैंज भी गए थे, मगर सड़क बंद होने के कारण बिहाली से वापस आना पड़ा।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र बिहाली में लोगों से मिले और आश्वासन दिया कि हर संभव मदद दी जाएगी और सरकार से इसके बारे में बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि सैंज में बहुत भारी नुकसान हुआ है और एक करोड़ की धनराशि बहुत कम है। 

सरकार को सबसे पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जो बेघर हुए हैं, उनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि सैंज में सब कुछ तबाह हो गया है। सड़कें बंद है, संचार व्यवस्था ठप है, पानी की योजनाएं ध्वस्त हैं। 

सरकार को तुरंत बहाली करनी चाहिए। इसके बाद वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र भुंतर पहुंचे। यहां उन्होंने क्षेत्र का दौरा किया और प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। जयराम ने राहत कार्यों से नाराजगी जताते हुए कहा कि तीन दिनों के बाद भी प्रभावितों को फौरी राहत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रभावित लोगों को तुरंत राहत देनी चाहिए। कम से कम उनके खाने-पीने व रहने की व्यवस्था सबसे पहले करनी चाहिए।