बंदूक को लेकर दो भाइयों में हुई बहस तो चला दी गोली, भाई की मौत, भाभी घायल

बंदूक को लेकर दो भाइयों में हुई बहस तो चला दी गोली, भाई की मौत, भाभी घायल
यंगवार्ता न्यूज़ - काँगड़ा 09-06-2021
 
बंदूक को लेकर हुई बहस के बीच छोटे ने बड़े भाई और भाभी पर गोली चला दी। गोली लगने से बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि महिला टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। गगल थाने के तहत केटलू (अंबाड़ी) गांव में यह वारदात मंगलवार रात को हुई। पवन कुमार चौधरी (45) पुत्र पाला राम निवासी केटलू ने अपने बड़े भाई रूमी कुमार (58) की गोली मारकर हत्या कर दी।
 
घटना में भाभी पुष्पा देवी भी छर्रे लगने से घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गगल पुलिस थाना प्रभारी मेहर दीन ने बताया दोनों भाइयों में अक्सर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार रात को भी आरोपी पवन कुमार अपने भाई रूमी के घर आया और किसी बात पर गाली गलौज करने लगा। दोनों में पिता की ओर से खरीदी गई बंदूक को लेकर बहस हो गई। पिता की मृत्यु के बाद बंदूक रूमी कुमार के नाम पर है।
 
आरोपी ने कहा कि पिता की बंदूक पर उसका भी हक है। काफी बहस के बाद वह उनके घर में चला गया। थोड़ी देर बाद चुपके से बंदूक ले गया। रात को जब उसका भाई रूमी और उसकी पत्नी पुष्पा बाहर आंगन में खड़े थे। इस बीच आरोपी पवन कुमार ने आंगन में खड़े होकर भाई पर गोली चला दी। घायलावस्था में दोनों को टांडा मेडिकल कॉलेज लाया गया।
 
यहां डॉक्टरों ने रूमी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला को भर्ती कर लिया गया। महिला की हालत अभी स्थिर है। उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वीरवार को उसे कांगड़ा के न्यायालय में पेश किया जाएगा।