भाजपा के संसदीय बोर्ड से नितिन गडकरी और शिवराज चौहान की छुट्टी , येदियुरप्पा-सोनोवाल को मिला स्थान 

भारतीय जनता पार्टी ने संसदीय बोर्ड और केन्द्रीय चुनाव समिति से पार्टी के ताकतवर नेताओं में शुमार होने वाले केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बाहर का रास्ता दिखा दिया है

भाजपा के संसदीय बोर्ड से नितिन गडकरी और शिवराज चौहान की छुट्टी , येदियुरप्पा-सोनोवाल को मिला स्थान 

यंगवार्ता न्यूज़ - नई दिल्ली  17-08-2022
 
भारतीय जनता पार्टी ने संसदीय बोर्ड और केन्द्रीय चुनाव समिति से पार्टी के ताकतवर नेताओं में शुमार होने वाले केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार को पार्टी के 11 सदस्यीय नए संसदीय बोर्ड और 15 सदस्यीय नई केंद्रीय चुनाव समिति की घोषणा की। 
 
 
पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने यहां दो विज्ञप्तियों में संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति के नए सदस्यों के नामों की जानकारी दी। दोनों निकायों में शामिल नए सदस्यों में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को शामिल किया गया है। भाजपा के नए संसदीय बोर्ड के सदस्यों में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा, केन्द्रीय मंत्री एवं असम के पूर्व मुख्यमंत्री सोनोवाल, 
 
महासचिव के. लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, लंबे समय से हाशिये पर चल रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया तथा भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष शामिल है। भाजपा के नई केंद्रीय चुनाव समिति में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री मोदी , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह , येदियुरप्पा , सोनोवाल , महासचिव के. लक्ष्मण , इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया, केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, पार्टी के उपाध्यक्ष ओम माथुर, 
 
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वी श्रीनिवास (पदेन) तथा भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष को शामिल किया गया है। निवर्तमान संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य नितिन गडकरी और शिवराज चौहान को इन दोनों निकायों में जगह नहीं मिली है। नए संसदीय बोर्ड में राज्यों में नेतृत्व करने वाले किसी भी सदस्य को स्थान नहीं दिया गया है।
 
 जबकि केंद्रीय चुनाव समिति में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को स्थान दिया गया है। मौजूदा केंद्रीय चुनाव समिति में बिहार के नेता सैयद शाहनवाज हुसैन और पूर्व केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव को बाहर किया गया है।