सावधान : हिमाचल में चार दिन तक होगी ख़राब रहेगा मौसम, विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

सावधान : हिमाचल में चार दिन तक होगी ख़राब रहेगा मौसम, विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  27-08-2021
 
हिमाचल प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने 27 से 30 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई भागों में आगामी चार दिनों तक बारिश होने के आसार हैं।
 
दो सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश से भूस्खलन होने की संभावना जताई है। सैलानियों व स्थानीय लोगों से नदी और नालों से दूर रहने की अपील की गई है।
 
वहीं, गुरुवार रात को ऊना जिले बंगाणा में 107, गोहर मंडी 72, गुलेर कांगड़ा 56, सुंदरनगर 20, पालमपुर 26.2, कांगड़ा 22.4, डलहौजी 14, धर्मशाला 8.4, बिलासपुर छह, मंडी 3.5 और जुब्बड़हट्टी में 1.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। केलांग में न्यूनतम तापमान 12.3 और ऊना में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 
 
मानसून सीजन के तहत अभी भी प्रदेश में सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश हुई है। प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से एक फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है।
 
20 से 26 अगस्त तक प्रदेश में 51 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। शिमला, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और सोलन जिला में सामान्य से अधिक बारिश हुई। हमीरपुर और किन्नौर में सामान्य तथा चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, ऊना और लाहौल स्पीति जिला में सामान्य से कम बादल बरसे। चंबा जिले के तुनूहट्टी-ककीरा मार्ग पर देर रात भारी बारिश नाले में बढ़े जलस्तर की वजह से एक व्यक्ति की बहने से मौत हो गई।
 
म़ृतक की पहचान कर्म चंद पुत्र जीतो राम निवासी लड़ेरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बकलोह पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर डलहौजी अस्पताल पहुंचाया। हादसे की पुष्टि एसपी चंबा अरुल कुमार ने की है।