है भगवान ! अब तो सद्बुद्धि दे दो , काम न करने वाले अधिकारियों व नेताओं को : सुनील

पांवटा सिविल अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की मांग को लेकर व्यवस्था परिवर्तन मंच का धरना प्रदर्शन आठवें दिन भी जारी रहा।

है भगवान ! अब तो सद्बुद्धि दे दो , काम न करने वाले अधिकारियों व नेताओं को : सुनील

अंकिता नेगी - पांवटा साहिब  27-12-2021


पांवटा सिविल अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की मांग को लेकर व्यवस्था परिवर्तन मंच का धरना प्रदर्शन आठवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने शासन प्रशासन को सद्बुद्धि प्रदान करने के लिए हवन यज्ञ का आयोजन किया।

पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे युवा प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ है। वे आए दिन प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी को व्यक्त करने के अनूठे तरीके ईजाद कर रहे हैं।

बीते सप्ताह प्रदर्शनकारी धरना प्रदर्शन स्थल से उठाकर यमुना घाट पर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार से अपनी निराशा व्यक्त करते हुए मां यमुना में विश्वास जताया और आरती करके सिविल अस्पताल में स्थाई रेडियोलॉजिस्ट की मांग की।

पांवटा साहिब व्यवस्था परिवर्तन मंच के संयोजक और बाहती युवा विकास मंच के अध्यक्ष सुनील चौधरी ने बताया कि वे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में एक स्थाई रेडियोलॉजिस्ट की मांग को लेकर पिछले सात दिन से लगातार धरने पर है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई स्थाई समाधान सामने नहीं आया है।

उन्होंने कहा कि जब तक अस्पताल में स्थाई रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त नहीं किया जाएगा तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इससे पहले इन युवा प्रदर्शनकारियों ने व्यवस्था की खिल्ली उड़ाते हुए 6 साल से ताला बंद अल्ट्रासाउंड कक्ष की आरती उतार कर रेडियोलॉजिस्ट की मांग की थी।

वहीं वीरवार को उन्होंने मां यमुना की आरती कर रेडियोलॉजिस्ट की मांग की और मां यमुना के माध्यम से पीएम मोदी को पत्र भेजकर अपनी व्यथा से अवगत करवाया।

अब सोमवार को उन्होंने शासन प्रशासन को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए हवन यज्ञ का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में रेडियोलॉजिस्ट की स्थाई नियुक्ति होने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।