हर विधानसभा क्षेत्र में विकसित होगा एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान : कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल

76वां हिमाचल दिवस हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य पर ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया

हर विधानसभा क्षेत्र में विकसित होगा एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान : कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल

यंगवार्ता न्यूज़ - हमीरपुर  15-04-2023
 
76वां हिमाचल दिवस हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य पर ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स और स्वास्थ्य कर्मचारियों की टुकडिय़ों ने शानदार मार्च पास्ट किया। 
 
 
इस अवसर पर सभी जिला वासियों को बधाई देते हुए कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि देश को आजादी मिलने के 8 माह बाद 15 अप्रैल 1948 को 30 छोटी-बड़ी पहाड़ी रियासतों के विलय के साथ हिमाचल प्रदेश का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों ने हिमाचल को विशेष पहचान तथा अलग राज्य का दर्जा दिलवाने में बहुत बड़ी भूमिका अदा की थी। उन्होंने कहा कि 11 दिसम्बर 2022 को नई सरकार के गठन के साथ ही हिमाचल प्रदेश में एक नए युग का सूत्रपात हुआ है। नव वर्ष के तोहफे के तौर पर प्रदेश सरकार ने 101 करोड़ रुपये के शुरुआती प्रावधान के साथ मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष की स्थापना की। 
 
 
प्रदेश सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही एक लाख 36 हजार सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस के तहत लाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। 2 लाख 31 हजार महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन देने के साथ-साथ विधवाओं एवं 40 से 69 प्रतिशतता वाले दिव्यांगजनों को पेंशन के लिए आय सीमा एवं ग्राम सभा से अनुमति की शर्त समाप्त कर दी है। विधवाओं और एकल नारियों को मकान बनाने के लिए मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना आरंभ की जा रही है। प्रदेश को वर्ष 2026 तक ग्रीन एनर्जी स्टेट के रूप में विकसित किया जाएगा। कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज के लिए जोल सप्पड़ में लगभग 380 करोड़ रुपये की लागत से नए कैंपस का निर्माण तेजी से करवाया जा रहा है। इस कार्य को गति प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने 40 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। 
 
 
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार यहां नर्सिंग कॉलेज, कैंसर यूनिट और अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने सामाजिक कार्यों में सराहनीय योगदान देने के लिए सहारा युवा क्लब रोपा, जय भीम युवा मंडल समिति बटराण और युवा कला मंडल भ्याड़ को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से प्रथम तीन पुरस्कारों के रूप में क्रमश: 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की राशि प्रदान की। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, जिला स्तरीय समारोह की परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया।