हिमाचल में मौसम ने ली करवट रोहतांग समेत ऊँची चोटियों पर हिमपात 

हिमाचल में दो दिन के ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार को बारिश और बर्फबारी हुई है। विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रे में एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर

हिमाचल में मौसम ने ली करवट रोहतांग समेत ऊँची चोटियों पर हिमपात 
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  17-10-2021
 
हिमाचल में दो दिन के ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार को बारिश और बर्फबारी हुई है। विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रे में एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।
 
बारालाचा, कुंजुम पास, मनाली, लाहौल-स्पीति, धौलाधार और चंबा की ऊंची चोटियों मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, देउ टिब्बा, हनुमान टिब्बा, शेतीधार, दशोहर लेक, व्यास कुंड, मणिमहेश, कुगति, चौबिया, क्वारसी और जालसू में ताजा हिमपात हुआ है।
 
ताजा बर्फबारी के बाद दो दिन के लिए रोहतांग दर्रे में पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी है। हालांकि, अटल टनल से आवाजाही सुचारु रहेगी। कुल्लू से काजा और किलाड़ से चंबा रूट पर भी बस सेवा बंद कर दी गई है। 
 
शनिवार रात से जारी रिमझिम बारिश से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 8 और न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री की गिरावट आई है। ऊंचे क्षेत्रों में धुंध भी छाई रही। पारे में गिरावट से ठंड बढ़ गई है।शिमला, कुल्लू, मनाली में बारिश के चलते अधिकतर पर्यटकों को होटलों में ही दुबकना पड़ा।
 
जिला कांगड़ा में धान की कटाई में लगे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। गौर रहे कि वीकेंड और दशहरा उत्सव के लिए पर्यटक यहां बड़ी संख्या में पहुंचे हैं।
 
रविवार सुबह पर्यटक रोहतांग दर्रा भी पहुंचे। इस बीच पर्यटकों ने बर्फ के फाहों में मस्ती की।जिला सिरमौर में रविवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का क्रम जारी है। जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में शाम तक मौसम काफी खराब रहा।
 
बारिश मटर, लहसुन व अदरक सहित अन्य सब्जियों के लिए फायदेमंद बताई जा रही है।