आयुष्मान भारत योजना से हर साल पांच लाख तक का मुफ्त इलाज की सुविधा : स्मृति ईरानी

आयुष्मान भारत योजना से हर साल पांच लाख तक का मुफ्त इलाज की सुविधा : स्मृति ईरानी

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 15-06-2020

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की जनसंवाद रैली आज प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय दीप कमल चक्कर से वर्चुअल रैली के माध्यम से संपन्न हुई। जनसंवाद रैली में केंद्रीय कपड़ा , महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी मुख्य वक्ता रही उनके साथ केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर विशेष रूप में उपस्थित रहे।

रैली का मंच संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जमवाल द्वारा किया गया और स्वागत भाषण भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर द्वारा दिया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त नेतृत्व मिला है जिसके कारण कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी से लड़ने में भारत सफल हुआ है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने संपर्क के कार्य में देश में बहुत अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार 2022 में पुनः हिमाचल प्रदेश में बने इस लक्ष्य को लेकर हमें आगे बढ़ना है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को सुनने के लिए लोग तैयार नहीं है अगर सुन रहे हैं तो मानने के लिए तैयार नहीं है।

इस कोविड-19 जैसे संकटकाल में कांग्रेस केवल राजनीति कर रही है उसमें वह कामयाब नहीं होगी। जनता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा की आज के युग में यह जनसंवाद रैली एक अद्भुत वर्चुअल रैली के रूप में सामने आई है।

उन्होंने कहा कि यह आईटी का युग है जिसके कारण आज यह जनसंवाद रैली संभव हो सकी है इसकी नींव देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 6 साल पूर्व रखी गई थी जब उन्होंने भारत में डिजिटल क्रांति शुरू की थी यह हमारे प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि है उन्होंने पहले से ही डिजिटल इंडिया पर कार्य किया था।

उन्होंने कहा कि कोरोना एक वैश्विक चुनौती उभर कर आई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के बारे में चर्चा की गई 130 करोड़ देशवासियों को भारत कैसे संभाल पाएगा पर भारत ने यह करके दिखाया गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत 3 महीने का राशन हर गरीब के घर पहुंचा इसका मूल्य 80 करोड़ था।

उन्होंने हिमाचल के वीर योद्धाओं इसमें सोमनाथ एवं विक्रम बत्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी जिसने वन रैंक वन पेंशन लागू किया और हिमाचल में सभी फौजी भाइयों को इस बात का संतोष और गर्व की अनुभूति होती है।

उन्होंने हिम केयर योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत में आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ किया गया जिसमें हर साल 500000 तक का मुफ्त इलाज किया जाएगा देश में एक करोड़ लोगों का उपचार इस आयुष्मान भारत के अंतर्गत किया गया और हिमाचल प्रदेश में 40000 लोगों का उपचार किया गया जिन पर 40 करोड़ से ज्यादा पैसा खर्च किया गया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में अटल जी के सपने को याद किया जिसके अंतर्गत रोहतांग सुरंग कि उन्होंने चर्चा की उन्होंने आईआईटी सिरमोर का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री ने नया संकल्प लिया है जोकि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प है उसके अंतर्गत 3 लाख करोड़ का कॉलेटरल फ्री लोन छोटे व्यापारियों के लिए दिया गया है उन्होंने कहा की जब यह कोविड संकट काल शुरू हुआ था तब डब्ल्यूएचओ द्वारा पीपीई किट के बारे में जानकारी दी गई 1 मार्च को भारत के पास एक पीपीई किट थी आज भारत के पास डेढ़ करोड़ पीपीई किट है और पहले एक भी उद्योग इसको नहीं बनाया करता था आज 1100 उद्योग इसको बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मानती है कि 20 लाख करोड़ का जो पैकेज है वह भारत की जीडीपी का 10% भाग है प्रधानमंत्री ने हर जीवन को छूने का प्रयास किया है।