आर्थिक संकट में भी प्रभावित नहीं होगा हिमाचल के विकास : मुख्यमंत्री

आर्थिक संकट में भी प्रभावित नहीं होगा हिमाचल के विकास : मुख्यमंत्री

 यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना 16-11-2020

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आर्थिक संकट में भी प्रदेश की विकास की गति को धीमा नहीं होने दिया जाएगा। इसका प्रमाण आज ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र में 70 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन के तौर पर सामने है। केंद्र की मोदी सरकार के सहयोग से हिमाचल विकास के पथ पर आगे बढ़ा है और सरकार आने वाले दो सालों में प्रदेश को विकास की बुलंदियों पर पहुंचाएंगे।

 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को ऊना में वर्चुअल माध्यम से एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी कोरोना का संकट अभी टला नहीं है, इसलिए अब बड़े समारोहों के आयोजन के लिए सरकार ने नये सिरे से एसओपी बनाई है। इसमें किसी इंडोर क्षेत्र में शादी समारोह में सौ से अधिक लोग शामिल नहीं हो पाएंगे।

ओपन क्षेत्र में भी शारीरिक दूरी और कोविड नियमों के पालन के साथ शादी और राजनीतिक समारोहों के आयोजन के लिए अनुमति दी जाएगी। शादी समारोह में कैटरिंग का काम करने वाले लोगों के भी पहले कोविड टेस्ट अनिवार्य होंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के साथ विकास की गति प्रभावित न हो इसके लिए जो पैसा कई योजनाओं के तहत मंजूर हुआ है।

उसे समय पर खर्च करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्ती से निर्देश दिए हैं। जल जीवन मिशन में बहुत अच्छा काम हिमाचल प्रदेश में हुआ है और इसमें प्रदेश देश भर में अव्वल स्थान पर है।

उन्होंने दावा किया कि पीजीआइ सेटेलाइट सेंटर का काम भी जल्द शुरू होगा, इसके लिए बची हुई औपचारिकताओं को जल्द पूरा किया जाएगा।इंडियन ऑयल के डिपो के अलावा सदर विधानसभा क्षेत्र में मातृ शिशु अस्पताल व अन्य योजनाओं का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे हुए हैं और इनमें एक साल कोरोना काल में तबाह हुआ है, लेकिन आगे दो सालों में केंद्र में मोदी सरकार के सहयोग से ऐसा काम करके दिखाया जाएगा कि वर्ष 2022 में हिमाचल में फिर से भाजपा की सरकार सत्ता प्राप्त कर सके। इसमें उन्होंने केंद्र से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा किए जा रहे सहयोग के लिए भी आभार जताया और भविष्य में भी ऐसा सहयोग जारी रखने की उम्मीद जताई।

उन्होंने कहा कि विपक्ष अक्सर हिमाचल में विकास व अन्य मामलों को लेकर मुद्दा बनाता रहा है, लेकिन प्रदेश की जनता के सहयोग से भाजपा की सरकार लोकसभा के चुनाव और बाद में दो उप चुनावों में भारी अंतर से जीत हासिल करके साबित कर चुकी है कि प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व से लोग संतुष्ट हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र में जो कमी रही है उसे पूरा किया जाएगा और सतपाल सिंह सत्ती फिर से विधानसभा में पहुंचे इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

उधर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन सालों में शानदार काम हुआ है और आने वाले दो सालों में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में अच्छा काम करके दिखाया जाएगा। इसमें केंद्र से जो भी सहयोग होगा वे इसके लिए हर संभव कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से कोरोना के समय जो भी वित्तीय सहयोग पैकेज जारी किया गया।

इसका लाभ हिमाचल की होटल इंडस्ट्री के अलावा अन्य क्षेत्रों को भी मिला है। गरीब और जरुरतमंद लोगों के अलावा आम लोगों को भी राहत प्रदान करने का प्रयास किया गया है। इस अवसर पर छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने इस वर्चुअल रैली से जुड़े मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश के सभी मंत्रियों, विधायक व स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।