एसके टेलर और सफाई कर्मियों सहित 35 लोगों को व्यापार मंडल संगड़ाह ने किया सम्मानित 

व्यापार मंडल संगड़ाह द्वारा शुक्रवार को आयोजित वार्षिक उत्सव में कोरोना काल में 24 हजार से अधिक मास्क वितरित करने वाले एसके टेलर व दो सफाई कर्मचारियों सहित 35 लोगों को सम्मानित किया गया।

एसके टेलर और सफाई कर्मियों सहित 35 लोगों को व्यापार मंडल संगड़ाह ने किया सम्मानित 
साल के आखिरी दिन व्यापार मंडल द्वारा मनाया जाता है वार्षिक उत्सव

यंगवार्ता न्यूज़ - संगड़ाह  31-12-2021
 
व्यापार मंडल संगड़ाह द्वारा शुक्रवार को आयोजित वार्षिक उत्सव में कोरोना काल में 24 हजार से अधिक मास्क वितरित करने वाले एसके टेलर व दो सफाई कर्मचारियों सहित 35 लोगों को सम्मानित किया गया।
 
विश्राम गृह परिसर संगड़ाह में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार मंडल प्रधान रणजीत चौहान ने की। इस दौरान गिरीश राणा, चेतसिंह तोमर, रविदत्त शर्मा, वेद प्रकाश, सीमा व अजय पुंडीर आदि मंडल पदाधिकारियों सहित 250 के करीब व्यापारी मौजूद रहे।
 
व्यापार मंडल सचिव गिरीश ने पिछले 2 साल की वार्षिक गतिविधियों पर जानकारी देते हुए बताया कि वैश्विक कोरोना महामारी के चलते वर्ष 2019 व 20 में वार्षिक समारोह का आयोजन नहीं किया गया था। व्यापार मंडल द्वारा हर साल 31 दिसंबर को एनुअल फंक्शन का आयोजन किया जाता है।
 
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों तथा व्यापारियों को सम्मानित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान मार्च 2019 से अब तक क्षेत्र में 24,150 के करीब मास्क निशुल्क वितरित कर चुके मुख्य बाजार में दर्जी की दुकान चलाने वाले एसके टेलर को सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
 
इसके सार्वजनिक शौचालय में सफाई करने वाले बलिराम तथा बाजार में सफाई करने वाले भागचंद को भी उक्त सम्मान से पुरस्कृत किया गया। ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं देने व कोरोना एसओपी का पालन करते हुए बेहतर व्यापार करने के लिए भी 35 के करीब दुकानदारों को पुरस्कृत किया गया। दोपहर 12 बजे से सायं 5 बजे तक चले कार्यक्रम के दौरान जमकर नाटियों का दौर भी चला।
 
नववर्ष की पूर्व संध्या शर्मा विश्राम गृह परिसर में व्यापारियों के लिए सिरमौरी धाम का आयोजन भी किया गया। साल के आखिरी दिन हर बार यहां मंडल द्वारा वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जाता और इसमें समाज सेवी व व्यापारिक गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाता है।