कांग्रेस के प्रतिज्ञा पत्र के सार्वजनिक होने के बाद भाजपा भी आज जारी करेगी अपना संकल्प पत्र 

कांग्रेस के प्रतिज्ञा पत्र के सार्वजनिक होने के बाद हिमाचल भाजपा भी अपना संकल्प पत्र रविवार सुबह जारी करेगी। राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप होटल पीटरहॉफ से इस संकल्प पत्र को सार्वजनिक करेंगे

कांग्रेस के प्रतिज्ञा पत्र के सार्वजनिक होने के बाद भाजपा भी आज जारी करेगी अपना संकल्प पत्र 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला      06-11-2022

कांग्रेस के प्रतिज्ञा पत्र के सार्वजनिक होने के बाद हिमाचल भाजपा भी अपना संकल्प पत्र रविवार सुबह जारी करेगी। राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप होटल पीटरहॉफ से इस संकल्प पत्र को सार्वजनिक करेंगे। 

भाजपा ने इसके लिए राज्यसभा सांसद और पूर्व कुलपति डा. सिकंदर कुमार की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया था और इस कमेटी ने लोगों से भी संकल्प पत्र को लेकर सुझाव लिए थे। भाजपा ने ओल्ड पेंशन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकेतों का इंतजार करने के लिए इसे स्थगित भी किया था।

शनिवार को हिमाचल के दौरे पर आए प्रधानमंत्री ने ओल्ड पेंशन को लेकर कुछ नहीं कहा है न ही इस बारे में कोई संकेत किया है। अब हिमाचल भाजपा अपने संकल्प पत्र में पुरानी पेंशन स्कीम को लेकर क्या कहेगी? इस पर सबकी नजर है। इस सवाल का जवाब भी कल ही मिलेगा। 

भाजपा सरकार के दौरान ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाई पावर कमेट बनाई गई थी, लेकिन इस कमेटी के गठन के बाद भी कोई फैसला नहीं हो पाया था, न ही हिमाचल सरकार इस बारे में केंद्र सरकार से आधिकारिक तौर पर मामला उठा पाई थी। इधर, विपक्षी दलों कांग्रेस, आप और सीपीआईएम ने पेंशन को बहाल करने का वादा कर रखा है। 

एनपीएस कर्मचारी सोशल मीडिया के जरिए अलग अभियान चलाए हुए हैं। ऐसी स्थिति में भाजपा के इस बारे में किए जाने वाले वादे को लेकर उत्सुकता है। इस संकल्प पत्र में भाजपा समाज के विभिन्न वर्गों को लेकर नए वादे कर सकती है। 

सरकारी कर्मचारियों के अलावा युवाओं और महिलाओं के लिए की जाने वाली घोषणाओं पर भी लोगों की नजर रहेगी। संकल्प पत्र जारी होने के बाद इसे लोगों तक पहुंचाने के लिए भी अब समय कम है, क्योंकि दस नवंबर को चुनाव प्रचार थम जाएगा।