केन्द्र - राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों के प्रचार प्रसार में जुटे शिक्षा मंत्री

केन्द्र - राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों के प्रचार प्रसार में जुटे शिक्षा मंत्री

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 04-07-2020

शिक्षा, विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जनता के नाम पत्र व केन्द्र सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों तथा राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी पूर्ण प्रपत्रों का आज शिमला के संजौली, ढली तथा इंजनघर वार्ड में वितरित किया।

इस दौरान उन्होंने लोगों से भेंट कर केन्द्र सरकार की उपलब्धि को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्णीम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने वर्ष 2014 में देश में और वर्ष 2017 में प्रदेश में बड़े परिवर्तन के लिए जनादेश दिया था।

देश ने यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को जड़ता और भ्रष्टाचार के दल-दल से बाहर निकलते हुए देखा। उन्होंने कहा कि इस दौरान जहां देश में राजनैतिक इच्छा शक्ति का परिचय देते हुए लम्बे समय से चले आ रहे मामलों में ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जिसके तहत दो नए केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख बनें जहां तीव्र विकास के रास्ते खोले गए। नागरिक संशोधन अधिनियम को लागू किया गया।

राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक का मामला, करतारपुर गलियारा राष्ट्र को समर्पित करना जैसे चुनौतीपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार द्वारा दो वर्ष के दौरान अनेक जन कल्याणकारी नीतियां व योजनाएं लागू कर प्रदेश की जनता को लाभान्वित किया गया है।

उन्होंने बताया कि कोविड-19 के दौरान आर्थिकी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मनरेगा योजना तथा शहरी आजीविका मिशन के तहत हजारों बेरोजगारों को रोजगार प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में कोरोना वायरस पर नियंत्रण कर आम जन समुदाय तक नहीं फैलने दिया गया है।

इस अवसर पर महापौर सत्या कौंडल, उप-महापौर शैलेन्द्र चैहान, पार्षद राजेन्द्र चैहान, डाॅ. किमी सूद, जसविन्द्र, पूर्ण मल, कुसुम्पटी मण्डल अध्यक्ष जितेन्द्र भोटका, संस्था के मुख्य सलाहकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता विजय, जिला शिमला मण्डल सचिव विभूमि ढडवाल, उपाध्यक्ष कुसुम्पटी मण्डल राज कुमार कश्यप, मीडिया प्रभारी कल्पी शर्मा, समाजसेवी विजय, संस्था के चीफ पैटर्न सरदार जसपाल सिंह, महा सचिव नीरज गुप्ता, उपाध्यक्ष मुकेश वर्मा, सचिव देवेन्द्र गुप्ता, गौरव शर्मा तथा कोषाध्यक्ष सीमी सूद भी उपस्थित थी।