कर्मचारी चयन आयोग भंग होने के बाद लोक सेवा आयोग ने जारी किया पहला परीक्षा परिणाम जानिए

पेपर लीक मामले में भंग किए गए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर का पहला परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद शनिवार को राज्य लोकसेवा आयोग ने 31 अक्तूबर 2022 को हुई इलेक्ट्रीशियन (एमएंडटी) परीक्षा में 22 उम्मीदवार उत्तीर्ण घोषित किए

कर्मचारी चयन आयोग भंग होने के बाद लोक सेवा आयोग ने जारी किया पहला परीक्षा परिणाम जानिए

 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  03-06-2023
 
पेपर लीक मामले में भंग किए गए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर का पहला परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद शनिवार को राज्य लोकसेवा आयोग ने 31 अक्तूबर 2022 को हुई इलेक्ट्रीशियन (एमएंडटी) परीक्षा में 22 उम्मीदवार उत्तीर्ण घोषित किए हैं। दो दर्जन भर्ती परीक्षाओं के परिणाम अभी भी लंबित हैं। फरवरी 2023 में सरकार ने हमीरपुर आयोग को भंग किया था। 23 दिसंबर 2022 को आयोग में पेपर लीक का मामला सामने आया था। 
 
 
26 दिसंबर को सरकार ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए आयोग का कामकाज निलंबित कर दिया था। इस मामले में कई अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने आयोग को भंग करने के समय लोकसेवा आयोग के माध्यम से लंबित भर्ती परीक्षा परिणाम जारी करने का ऐलान किया था। मुख्यमंत्री सुक्खू ने लगातार इस मामले की निगरानी की है। लोकसेवा आयोग पर जल्द से जल्द परिणाम जारी करने का दबाव बनाया। 
 
 
इसी कड़ी में शनिवार को लोकसेवा आयोग ने कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर द्वारा इलेक्ट्रीशियन (एमएंडटी) तृतीय श्रेणी (अराजपत्रित) पद के लिए आयोजित लिखित वस्तुनिष्ठ प्रकार की स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम चयनित उम्मीदवारों की जांच के बाद घोषित कर दिया गया है।  परीक्षा में अश्वनी , विश्वजीत ,  शुभम कुमार , अभिषेक वर्मा , निखिल , राकेश कुमार , तेज राम , योगेश कुमार , राहुल, अरुण शर्मा , मनीष कुमार , सुनेश कुमार , अक्षय कुमार शर्मा , मनोज कुमार , सलिल , आंचल, सचिन, नरेश कुमार, शुभम धीमान, अभिषेक, शिवम भाटिया और राहुल कुमार को पास घोषित किया गया है। बिजली बोर्ड में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्तियां दी जाएंगी।