गहरी खाई में गिरी कार, दो लोगों की मौत, चार घायल

गहरी खाई में गिरी कार, दो लोगों की मौत, चार घायल

यंगवार्ता न्यूज़ - चंबा   15-01-2021

हिमाचल प्रदेश में चंबा जिले में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई हैै। जानकारी के अनुसार जिले के तीसा के बैरागढ़ में एक कार देर रात गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए हैं। 

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

उधर, चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर खज्जियार चौक पर टिपर की चपेट में बाइक आने से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। जबकि महिला का पति हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। 

पुलिस ने टिपर चालक को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मृतक महिला की पहचान राज बेगम पत्नी यासीन निवासी गांव ढांपू डाकघर अथेड़ तहसील सलूणी के रूप में हुई है। जबकि उसका पति यासीन गंभीर रूप से घायल है। 

यासीन अपनी पत्नी राज बेगम को बाइक पर बैठाकर अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए चंबा लाया था। सुबह अल्ट्रासाउंड करवाने के बाद दोनों पति पत्नी सुल्तानपुर चले गए। जब दोपहर के समय पर वे अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट लेने के लिए चंबा की तरफ जा रहे थे।

इसी दौरान टिपर से उनकी बाइक टकरा गई। टकराव के बाद बाइक और दंपती घायल होकर सड़क पर गिर गए। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने घायलों को चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां राज बेगम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि यासीन  अस्पताल में भर्ती है। महिला छह माह की गर्भवती थी। 

इससे हादसे में महिला के गर्भ में पल रहे नवजात की भी जान चली गई। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि खज्जियार चौक में टिपर की चपेट में बाइक आने से एक महिला की मौत हुई है। पुलिस ने टिपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।