जहरीली गैस लीक होने से दो बच्चों सहित 11 की मौत , बेहोशी की हालत में एक दर्जन लोग अस्पताल में भर्ती 

लुधियाना के ग्यासपुरा क्षेत्र में एक दुकान से गैस रिसाव होने से 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 11 से अधिक लोग बेसुध हैं। मरने वालों में पांच महिलाएं , छह पुरुष और 10 व 13 साल के दो बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच

जहरीली गैस लीक होने से दो बच्चों सहित 11 की मौत , बेहोशी की हालत में एक दर्जन लोग अस्पताल में भर्ती 

 

यंगवार्ता न्यूज़ - चंडीगढ़  30-04-2023
 

लुधियाना के ग्यासपुरा क्षेत्र में एक दुकान से गैस रिसाव होने से 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 11 से अधिक लोग बेसुध हैं। मरने वालों में पांच महिलाएं , छह पुरुष और 10 व 13 साल के दो बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। एनडीआरएफ की दो टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। 

 

 

पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। बचाव टीमें हर घर की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार ड्रोन से भी घरों की छतों की जांच की जा रही है। गैस लीक में एक बिल्ली की भी मौत हुई है। मृतकों के शवों को लुधियाना सिविल अस्पताल ले जाया गया है। मौके पर सुबह से डटीं विधायक रजिंदरपाल कौर छीना की भी तबीयत खराब हो गई है। उन्हें भी अस्पताल भेजा गया है। इसके अलावा बचाव राहत में जुटे पुलिस के चार मुलाजिम भी बेहोश हो गए हैं। 

 

 

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक चारों मुलाजिम खतरे से बाहर हैं। पुलिस के अनुसार, मृतकों के ब्लड सैंपल लिए जाएंगे, ताकि पता चल सके कि किस तरह की गैस से उनकी मौत हुई है। गैस के रिसाव से और नुकसान न हो, पुलिस ने आसपास के 300 मीटर के इलाके को खाली करा दिया है। इसके साथ ही गैस का रिसाव बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। 

 

 

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और फायर ब्रिगेड के मुताबिक एक किराना दुकान से गैस रिसाव कैसे हुआ। गैस कौन सी थी, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि अमोनिया गैस ही लीक हुई है। जहां से गैस लीक हुई, उस दुकान का संचालक बेसुध है। 

 

घटना की सूचना पर क्षेत्र की विधायक रजिंदर कौर छीना भी मौके पर पहुंची और कहा कि गैस लीक प्रकरण मामले की जांच होगी। फिलहाल लोगों की जान बचाने के लिए काम किया जा रहा है। पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, उनका फोकस लोगों को बाहर निकालने पर है। हर घर की जांच की जा रही है।