झूठ बोलने में पीएचडी है कांग्रेस नेता कौल ठाकुर, आज तक नहीं करवाया द्रंग का विकास : जयराम ठाकुर

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर झूठ बोलने में माहिर हैं, कोई भी व्यक्ति उनका मुकाबला नहीं

झूठ बोलने में पीएचडी है कांग्रेस नेता कौल ठाकुर, आज तक नहीं करवाया द्रंग का विकास : जयराम ठाकुर

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी  05-02-2022

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर झूठ बोलने में माहिर हैं, कोई भी व्यक्ति उनका मुकाबला नहीं कर सकता है। संस्कृति व संस्कार देख लगता नहीं कौल सिंह ठाकुर द्रंग क्षेत्र के रहने वाले हो। 

विकास के नाम पर कौल ने द्रंग हलके की जनता को कई सालों तक झूठ बोलकर ठगा है। समाज सेवा के लिए जरूरी नहीं है कि आदमी बहुत ज्यादा पढ़ा लिखा हो। कौल सिंह पढ़े लिखे होने के बाद भी द्रंग का विकास नहीं करवा पाए, जबकि कम पढ़े लिखे जवाहर ठाकुर ने चार साल के कार्यकाल में द्रंग में विकास की नई इबारत लिखी है। 

जयराम ठाकुर शनिवार को द्रंग हलके के थलौट में लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय का शुभारंभ करने के बाद ओट में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बल्ह में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को लेकर कौल सिंह ठाकुर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। 

हवाई अड्डा के लिए सरकार ने पूरे प्रदेश में करीब 20 स्थानों पर सर्वे करवाया था। कहीं पर तीन किलोमीटर रनवे बनाने के लिए उचित जगह नहीं है। द्रंग की घोघरधार में हेलीपैड बन सकता है। हवाई अड्डा नहीं। अगर कौल सिंह ठाकुर ने कोई सर्वे करवाया है तो वह जनता को बताएं। जयराम ठाकुर ने कहा कांग्रेसियों की तरह भाजपा घोषणा करने में नहीं बल्कि काम में विश्वास रखती थी।