धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब , सुबह चार बजे से गंगा घाट पर लगा ताँता , पुलिस के लिए चुनौती बनी भीड़ 

बैसाखी स्नान पर्व से एक दिन पहले ही धर्मनगरी श्रद्धालुओं से पूरी तरह पैक हो गई थी। शहर के होटलों के साथ के धर्मशालाएं व गंगा घाटों पर यात्रियों की भीड़ नजर आई

धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब , सुबह चार बजे से गंगा घाट पर लगा ताँता , पुलिस के लिए चुनौती बनी भीड़ 
 
यंगवार्ता न्यूज़ - हरिद्वार  14-04-2022
 
बैसाखी स्नान पर्व से एक दिन पहले ही धर्मनगरी श्रद्धालुओं से पूरी तरह पैक हो गई थी। शहर के होटलों के साथ के धर्मशालाएं व गंगा घाटों पर यात्रियों की भीड़ नजर आई। वहीं, बाजारों में भी यात्रियों ने जमकर खरीदारी की। मंदिरों में भी पहुंचकर दर्शन किए। वहीं आज बैसाखी के साथ ही मेष संक्रांति का स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। आज शाम छह बजे तक हरिद्वार पुलिस को यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
 
कोरोना काल में दो साल बाद पहली बार बिना किसी रोक टोक के बैसाखी व मेष संक्रांति स्नान हो रहा है। धर्मनगरी में स्नान पर्व को लेकर एक सप्ताह पहले ही ऑनलाइन होटल बुक हो गए थे। स्नान पर्व से एक दिन पहले बुधवार को ही शहर के सभी होटलों में यात्रियों का आना शुरू हो गया था। वहीं धर्मशालाओं के अलावा गुरुओं के आश्रमों में आकर भी यात्रियों ने डेरा डाल दिया था। सुबह चार बजे से बैसाखी व मेष संक्रांति का स्नान शुरू हो गया था। 
 
शहर के सभी प्रमुख चौराहों व संपर्क मार्गों पर सिविल पुलिस के साथ ही यातायात पुलिस व सीपीयू के जवान तैनात कर दिए गए थे।धर्मनगर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते शाम के समय हाईवे पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया। ज्योतिषाचार्य विकास जोशी ने बताया कि बैसाख व संक्रांति का पर्व वृद्धि योग में होगा। इसके लिए ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करने पर लाभ मिलता है।