नई पेंशन स्कीम के विरोध में कर्मचारियों ने की पेन डाउन स्ट्राइक

नई पेंशन स्कीम के विरोध में कर्मचारियों ने की पेन डाउन स्ट्राइक

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  24-11-2020

नई पेंशन योजना के खिलाफ हिमाचल के कई सरकारी कार्यालयों में मंगलवार को कर्मचारियों ने पेन डाउन स्ट्राइक की। मंगलवार सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक हड़ताल पर रहे एनपीएस कर्मचारियों ने केंद्र और राज्य सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई।

दो घंटे तक चली इस हड़ताल के चलते कई कार्यालयों में कामकाज भी प्रभावित रहा। एनपीएस के खिलाफ लामबंद कर्मचारी यूनियन ने सरकार से अपने फैसले पर दोबारा से विचार करने की मांग की है। पदाधिकारियों ने कहा है कि सेवानिवृत्त होने पर नई पेंशन योजना में प्रति माह पांच सौ से 1500 रुपये मिल रहे हैं।


इसके चलते कई वर्षों तक सरकार को सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को अपने परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने एक दिन के लिए भी विधायक या सांसद बनने वालों को उम्र भर की पेंशन लगाने की तर्ज पर सरकारी कर्मियों के लिए भी पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की वकालत की।