नयना देवी के दर्शन करने गए श्रद्धालुओं की गाड़ी पर पेड़ गिरने से सात लोग जख्मी 

नयना देवी के दर्शन करने गए श्रद्धालुओं की गाड़ी पर पेड़ गिरने से सात लोग जख्मी 

यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर   22-09-2021

प्रदेश में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे है। वहीं नयना देवी-आनंदपुर साहिब मार्ग पर मंगलवार सुबह इनोवा गाड़ी पर पेड़ गिरने से सात लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनंदपुर साहिब अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

बता दें कि माता नयना देवी के दर्शन कर सात लोग इनोवा में सवार होकर वापस अपने घर लुधियाना जा रहे थे। आनंदपुर साहिब से कुछ पहले भारी भरकम पेड़ इनोवा पर आ गिरा। इससे गाड़ी में सवार सभी लोगों को चोटें लगी।

घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी से दी गई है। वहीं बिलासपुर जिले में सोमवार रात को हुई मुसलाधार बारिश से कोटधार की अलग-अलग पंचायतों में दो गोशालाएं और एक रिहायशी मकान ढह गया। एक मुख्य सड़क भी बंद हो गई।

नायब तहसीलदार कलोल बालक राम ने सभी हलका पटवारियों को आदेश दे दिए हैं कि बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट शीघ्र दें ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।  

मंगलवार को मूसलाधार बारिश से सनीहरा पंचायत के गांव गंगलोह की निवासी रतनी देवी पत्नी निक्का राम का दो कमरों का रिहायशी मकान ढह गया। इस कारण करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। 

वहीं ग्राम पंचायत डूडियां के झूंझणू में मंगलवार सुबह छह बजे ढांक से ल्हासा गिरने के कारण सोहन लाल पुत्र धनीराम की गोशाला गिर गई।

गोशाला के अंदर पशुओं को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला, लेकिन एक बकरी की मौत हो गई। वहीं इस गांव के समशेर सिंह की गोशाला भी गिर गई।

सनीहरा-बुहाड़ सड़क पर ल्हासा गिरने से आवाजाही बाधित हो गई। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गोशाला गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस थाना प्रभारी तलाई कर्म चंद ठाकुर और डूडियां पंचायत प्रधान कुशमलता शर्मा मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। 

पंचायत प्रधान कुशमलता शर्मा ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। नायब तहसीलदार कलोल बालक राम ने पुष्टि की है।

सभी हलका पटवारियों को आदेश दे दिए गए हैं कि बारिश के कारण हुए नुकसान की रिपोर्ट शीघ्र कार्यालय में दें ताकि पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा सके।

बारिश और आंधी के कारण श्री नयनादेवी में काफी नुकसान हुआ है। कई लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया। वहीं भूस्खलन होने से भाखड़ा डैम-नंगल-नयना देवी मार्ग बंद हो गया है। मंगलवार को जिले में जमकर बारिश हुई। नयनादेवी में विद्युत सप्लाई भी ठप हो गई है। 

भूस्खलन के कारण भाखड़ा डैम-नंगल-नयना देवी मार्ग बंद हो गया है। नंगल डैम जाने वाले श्रद्धालुओं को वाया श्री आनंदपुर साहिब भेजा गया है।

मंगलवार शाम को मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। नयना देवी-श्री आनंदपुर साहिब-कोला वालां टोबा सड़क पर भी लगातार भूस्खलन हो रहा है।