पेट्रोल-डीजल में फिर लगी आग इस महीने दसवीं बार बढ़े दाम, मुंबई में 99 रुपए पहुंचा पेट्रोल

पेट्रोल-डीजल में फिर लगी आग इस महीने दसवीं बार बढ़े दाम, मुंबई में 99 रुपए पहुंचा पेट्रोल

न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली  18-05-2021

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में मंगलवार को इस महीने 10वीं बार वृद्धि की गई और मुंबई में पेट्रोल 99 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया। दिल्ली और मुंबई समेत देश के चार बड़े महानगरों में आज पेट्रोल की कीमत 27 पैसे तक और डीजल की 31 पैसे तक बढ़ाई गई, जिससे इनके दाम नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, मुंबई में पेट्रोल 26 पैसे महंगा होकर 99.14 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया।

 यह अनब्रांडेड पेट्रोल की कीमत है। ब्रांडेड पेट्रोल पहले से ही 100 रुपए के पार है। कंपनी का एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल आज मुंबई में 102.58 रुपए प्रति लीटर रहा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को पेट्रोल की कीमत 27 पैसे बढ़कर 92.85 रुपए प्रति लीटर हो गई। डीजल का मूल्य 29 पैसे बढ़कर 83.51 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया। तेल विपणन कंपनियों ने चार मई से अब तक 10 दिन कीमतों में वृद्धि की है, जबकि पांच दिन दाम स्थिर रहे हैं।

इस दौरान दिल्ली में पेट्रोल 2.45 रुपए और डीजल 2.78 रुपए महंगा हो चुका है। पेट्रोल की कीमत चेन्नई में 23 पैसे और कोलकाता में 25 बढ़कर क्रमश: 94.54 रुपये और 92.92 प्रति लीटर रही। डीजल की कीमत मुंबई में 31 पैसे, चेन्नई में 27 पैसे और कोलकाता में 29 पैसे बढ़ी। एक लीटर डीजल मुंबई में 90.71 रुपए, चेन्नई में 88.34 रुपए और कोलकाता में 86.35 रुपए का बिका। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नयी कीमतें लागू की जाती हैं।

देश के चार महानगरों में आज पेट्रोल और डीजल की कीमतें इस प्रकार रही:

शहर का नाम——पेट्रोल रुपए/लीटर——डीजल रुपए/लीटर

दिल्ली————— 92.85—————— 83.51

मुंबई-————— 99.14—————— 90.71

चेन्नई—————-94.54-—————- 88.34

कोलकाता———— 92.92—————- 86.35