प्रदेश में रोजगार यात्रा शुरू करेगी कांग्रेस, हर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को लेंगे साथ : निगम भंडारी 

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस रोजगार यात्रा शुरू करने जा रही है। हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी ने वीरवार को शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित किया

प्रदेश में रोजगार यात्रा शुरू करेगी कांग्रेस, हर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को लेंगे साथ : निगम भंडारी 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  30-06-2022
 
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस रोजगार यात्रा शुरू करने जा रही है। हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी ने वीरवार को शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला की ओर से रोजगार यात्रा शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं। 
 
 
हिमाचल कांग्रेस जल्द ही यात्रा की रूपरेखा तैयार कर लेगी। यात्रा के लिए कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी रघुवीर सिंह बाली, जबकि शिमला और मंडी संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी विधायक विक्रमादित्य सिंह को सौंपी गई है। इन दोनों ने नेताओं की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर युवाओं से संवाद करेगी।
 
 
हिमाचल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर न केवल सेना को कमजोर करने का काम किया है बल्कि युवाओं के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब सत्ता में आएगी, तो ऐसी सरकार का गठन करेगी जहां नौकरियां संविदा के आधार पर नहीं बल्कि पूर्ण सरकारी नौकरी देने का काम करेगी। 
 
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सत्ता वापसी के साथ ही प्रदेश में खुशहाल दिन भी वापस लौट आएंगे। इसके साथ ही हिमाचल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी ने पुलिस लिखित परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार पर हमला साधा। उन्होंने कहा कि पुलिस की देखरेख में ही पेपर लीक हुए और अब पुलिस ही मामले की जांच कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस महानिदेशक बड़े अफसरों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। 
 
 
उन्होंने कहा कि जिस तरह मामले में गिरफ्तारियां की गई हैं, उससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार अपने लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। निगम भंडारी ने कहा कि सरकार ने सीबीआई को मामला सौंपने की बात तो कही, लेकिन अब तक यह मामला सीबीआई को नहीं सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच के नाम पर प्रदेश की जनता के साथ धोखा कर रही है।