प्रदेश में होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को इम्यूनिटी बूस्टर किट प्रदान करेंगी सरकार

प्रदेश में होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को इम्यूनिटी बूस्टर किट प्रदान करेंगी सरकार

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला   17-05-2021

हिमाचल प्रदेश में होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को सरकार इम्यूनिटी बूस्टर किट प्रदान करेंगी। नेशनल हैल्थ मिशन इस तरह की किट्स तैयार कर चुका है, जिन्हें होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों को प्रदान किया जाएगा। 

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को इस अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस किट में कई तरह की ऐसी वस्तुएं होंगी, जिनसे व्यक्ति के शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। 

हजारों की संख्या में प्रदेश में होम आइसोलेशन में मरीज रह रहे हैं। इनके लिए सरकार ने ये विशेष किट्स तैयार की हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश  की आशा वर्कर्ज के साथ भी चर्चा करेंगे। 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उनसे फील्ड का हाल जाना जाएगा। आशा वर्कर्ज से होम आइसोलेट मरीजों के बारे में फीडबैक लेने के साथ उन्हें पेश आ रही दिक्कतों के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। वहीं, सीएम आवश्यक निर्देश भी इन फ्रंटलाइन वर्करों को देंगे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगातार फ्रंटलाइन वर्कर्ज से चर्चा कर रहे हैं। शनिवार को कैबिनेट में कुछ मामलों पर नए सुझाव भी सरकार को मिले हैं, जिन पर आगे काम किया जाना है। इससे पहले जनप्रतिनिधियों से भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की है। 

पंचायत के नुमाइंदों से गांव काल हाल जाना गया, वहीं शहरी पार्षदों से शहरों की स्थिति पर बात की गई। बताया जा रहा है कि कोरोना की बंदिशें अिब 26 मई तक बढ़ा दी गई हैं और उन पर जिलाधीशों से भी फीडबैक लिया जाएगा। 

मुख्यमंत्री की सोमवार को सभी उपायुक्तों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी संभावित मानी जा रही है। इसके साथ ही सोमवार को 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए टीकाकरण का अभियान शुरू किया जा रहा है।