भीम आर्मी चीफ पर जानलेवा हमला , फायरिंग बाल बाल बचे चंद्रशेखर, पेट को छूते हुए निकली गोली

उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद इलाके में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। वह दिल्ली से अपने घर सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे जा रहे थे। हरियाणा नंबर की कार से आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर 4 राउंड फायरिंग की। गोली उनके पेट को छूते हुए निकल गई

भीम आर्मी चीफ पर जानलेवा हमला , फायरिंग बाल बाल बचे चंद्रशेखर, पेट को छूते हुए निकली गोली
 
यंगवार्ता न्यूज़ - देहरादून  29-06-2023

उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद इलाके में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। वह दिल्ली से अपने घर सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे जा रहे थे। हरियाणा नंबर की कार से आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर 4 राउंड फायरिंग की। गोली उनके पेट को छूते हुए निकल गई। फायरिंग में आजाद की कार के शीशे भी टूट गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी का नंबर एचआर-70 डी -0278 दिख रहा है। 
 
 
हमलावर घटना से 7 किलोमीटर दूर मिलकपुर गांव के पास स्विफ्ट डिजायर कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली है। कार विकास कुमार के नाम पर बताई जा रही है। वारदात के बाद चंद्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां से शुरुआती इलाज के बाद सहारनपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। यहां उन्हें एक्स-रे कराने के बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। 
 
वहीं, देर शाम चंद्रशेखर ने कहा कि मुझे इस तरह के अचानक हमले की उम्मीद नहीं थी। मैं देशभर में अपने दोस्तों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। पुलिस जल्द ही हमलावरों को पकड़ लेगी। हम अपनी लड़ाई संवैधानिक रूप से जारी रखेंगे। करोड़ों लोगों के प्यार और आशीर्वाद से मैं ठीक महसूस कर रहा हूं। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद देवबंद में संगठन के एक साथी एडवोकेट अजय के घर गए थे। 
 
 
अजय की मां का 2 दिन पहले निधन हो गया था। चंद्रशेखर जैसे ही अजय के घर से निकलकर अपनी कार तक पहुंचे, तभी दूसरी कार से आए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। हमले की सूचना चंद्रशेखर के राजनीतिक दल आजाद समाज पार्टी ने ट्वीट कर दी। लिखा- देवबंद में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। एसएसपी विपिन ताडा ने कहा कि करीब 5:15 बजे देवबंद पुलिस को चंद्रशेखर पर फायरिंग की सूचना मिली। 
 
पुलिस के आला-अधिकारी मौके पर पहुंचे। चंद्रशेखर को अस्पताल ले गए। उनके पेट से गोली छूकर निकली है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। चंद्रशेखर के बताए गए घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है। जो घटनाक्रम बताया है और जो साक्ष्य मौके पर मिले हैं, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
 
 
इस घटना पर ट्वीट कर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया है। पार्टी ने ट्वीट में लिखा है, देवबंद में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है। बीजेपी राज में विपक्षी नेता ही सुरक्षित नहीं।