भारी भूस्खलन के चलते नेशनल हाईवे बंद , हजारों पर्यटक फंसे , सड़क बहाली में जुटा एनएच विंग

भारी भूस्खलन के चलते नेशनल हाईवे बंद , हजारों पर्यटक फंसे , सड़क बहाली में जुटा एनएच विंग

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी  05-05-2023
 
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शुक्रवार को लैंड स्लाइड हुआ। मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर पंडोह के पास 7 मील के पास पहाड़ दरका। इससे मलबा गिरने से सड़क पूरी तरह ब्लॉक हो गई है। देर रात करीब एक बजे पहाड़ी दरकने से मार्ग बाधित हुआ है। 
 
 
हजारों लोग और टूरिस्ट हाईवे पर दोनों तरफ फंसे हुए हैं। जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार सुबह टैफिक बजौरा-कटौला-मंडी और पंडोह-चैलचौक-सुंदरनगर मार्ग से डायवर्ट किया गया, लेकिन बड़े वाहन और वॉल्वो बसें अभी तक जाम में फंसी हुई हैं, जिस कारण मनाली से चंडीगढ़-दिल्ली की तरफ जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
 
 
नेशनल हाईवे अथॉरिटी  द्वारा बंद मार्ग को बहाल करने के लिए दोनों तरफ से मशीनरी लगाई गई है। एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने जाम में फंसे वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से सफर करने का कहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग को बहाल होने में लंबा समय लग सकता है। ऐसे में यात्री बेवजह यात्रा करने से परहेज करें।