भारतीय सेना को मिले 331 युवा अफसर , पास आउट परेड में 17 हिमाचली जांबाज भी शामिल 

भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से शनिवार को 17 हिमाचली जांबाजों सहित 331 युवा अफसर देश सेवा के लिए सेना की मुख्यधारा में जुड़ गए। इसके साथ ही मित्र राष्ट्रों के 42 कैडेट्स भी पास आउट हुए। पासिंग आउट परेड की सलामी इस बार सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडेय ने ली

भारतीय सेना को मिले 331 युवा अफसर , पास आउट परेड में 17 हिमाचली जांबाज भी शामिल 
 
यंगवार्ता न्यूज़ - देहरादून  11-06-2023

भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से शनिवार को 17 हिमाचली जांबाजों सहित 331 युवा अफसर देश सेवा के लिए सेना की मुख्यधारा में जुड़ गए। इसके साथ ही मित्र राष्ट्रों के 42 कैडेट्स भी पास आउट हुए। पासिंग आउट परेड की सलामी इस बार सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडेय ने ली। अकादमी के ऐतिहासिक चेटवुड भवन के सामने ड्रिल स्क्वायर पर सुबह छह बजे परेड शुरू हुई। परेड के बाद पीपिंग सेरेमनी आयोजित की गई। 
 
 
इसके बाद देश और विदेश के 373 कैडेट्स अफसर बनकर अपनी सेनाओं की मुख्य धारा में जुड़ गए। इनमें 331 अफसर भारतीय सेना को मिले। इनमें डायरेक्ट एंट्री वाले 55 कैडेट्स शामिल हैं, जबकि एक्स एनडीए 204 और एक्स एससी 40 कैडेट्स पास आउट हुए। 32 कैडेट्स टीजीसी कोर्स के हैं। आईएमए की स्थापना के बाद से अब तक यहां से 64862 देशी एवं विदेशी कैडेट्स पास आउट हो चुके हैं। वहीं, आईएमए के नाम अब तक 2885 विदेशी कैडेट्स को ट्रेनिंग देने का गौरव जुड़ गया है। इस बार भी उत्तर प्रदेश ही सबसे ज्यादा कैडेट्स देने वाला राज्य बना है। 
 
 
उत्तर प्रदेश के 63 कैडेट्स पास आउट होकर अफसर बने। इसके अलावा बिहार के 33, हरियाणा के 32, महाराष्ट्र के 26, उत्तराखंड के 25, पंजाब के 23, राजस्थान और मध्य प्रदेश के 19-19, हिमाचल प्रदेश के 17, दिल्ली के 12, कर्नाटक के 11, झारखंड के आठ, तमिलनाडु के आठ, जम्मू-कश्मीर के छह, छत्तीसगढ़ और केरल के पांच-पांच, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के तीन-तीन, गुजरात के दो और नेपाल मूल (भारतीय सेना) के दो कैडेट्स पास आउट होकर अफसर बने हैं। 
 
 
इसके अलावा त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, असम, चंडीगढ़, गोवा, मणिपुर, ओडिशा व पुडुचेरी से एक-एक कैडेट भारतीय सेना का हिस्सा बना। इस साल सिक्किम, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान निकोबार से एक भी कैडेट आईएमए से पास आउट नहीं हुआ।