मास्टर प्लान के तहत हिमाचल के अधिकृत मंदिरों को किया जाएगा विकसित : उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को अपनी धर्मपत्नी के साथ मां ज्वालामुखी के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि पूर्वक पूजा-अर्चना की। पुजारी राजन शर्मा और नितिन शर्मा ने उन्हें माता की चुनरी, सिरोपा, प्रसाद और तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया

मास्टर प्लान के तहत हिमाचल के अधिकृत मंदिरों को किया जाएगा विकसित : उप मुख्यमंत्री

 

यंगवार्ता न्यूज़ - काँगड़ा  10-06-2023
 
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को अपनी धर्मपत्नी के साथ मां ज्वालामुखी के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि पूर्वक पूजा-अर्चना की। पुजारी राजन शर्मा और नितिन शर्मा ने उन्हें माता की चुनरी, सिरोपा, प्रसाद और तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंदिरों को मास्टर प्लान के अंतर्गत विकसित किया जाएगा। 
 
 
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के मंदिरों को रोपवे से भी जोड़ रही है। मंदिरों की व्यवस्था को कैसे बेहतर बनाया जाए, इसके लिए अधिकारियों, बुद्धिजीवियों से संवाद किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर राजनीतिक विषय नहीं हैं, इसलिए लोगों की आस्था से जुड़े इन ऐतिहासिक तीर्थ स्थलों को और भी बेहतर तरीके से बढ़ावा दिया जाएगा ताकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। 
 
 
उपमुख्यमंत्री ने जमीन पर बैठकर अपनी धर्मपत्नी के साथ ओम प्रकाश एंड पार्टी की भजन मंडली के भजन सुने और माता ज्वाला का ध्यान लगाया। उनके साथ मंत्री विधायक और पूर्व मंत्री भी जमीन पर बैठकर भजन सुनने लगे। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व विधायक अजय महाजन आदि मौजूद रहे।