महिला ने खेतों में खुद पर केरोसिन छिड़ककर लगाई आग, मौत 

महिला ने खेतों में खुद पर केरोसिन छिड़ककर लगाई आग, मौत 

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी   27-12-2020

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बहरी पंचायत के थाती बहरी गांव में एक महिला ने खेतों में खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। घटना में महिला करीब 95 फीसदी झुलस गई। 

आग की लपटें देखते ही स्थानीय लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर महिला को 108 से सिविल अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया।

यहां से गंभीर हालत के चलते महिला को हमीरपुर रेफर कर दिया गया। हमीरपुर से महिला को टांडा अस्पताल रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना दोपहर करीब दो बजे की है।

महिला घर से ही मिट्टी का तेल साथ लेकर गई और खेत में खुद को आग लगा ली। जब तक लोगों और साथ पड़ोस को इस बात का पता चला, तब तक महिला 95 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी।

महिला की उम्र 46 वर्ष है। उसका पति लोनिवि में बेलदार पद पर कार्यरत है। महिला की दो बेटियां हैं। उधर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह कदम उठाने की वजह पारिवारिक परिस्थितियां लग रही हैं।