हादसा: पुंछ में गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस , एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत

जिला पुंछ में आज सुबह हुई सड़क दुर्घटना में करीब 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं

हादसा: पुंछ में गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस , एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत

न्यूज़ एजेंसी - जम्मू  14-09-2022
 
जिला पुंछ में आज सुबह हुई सड़क दुर्घटना में करीब 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। घायलों का इलाज जिला पुंछ अस्पताल में चल रहा है। जम्मू संभाग के जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे सब्जियां इलाके में आज सुबह एक बस खाई में लुढ़क गई। 
 
 
हादसे के तुरंत बाद ही सेना, पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य चलाया गया। बताया जा रहा है कि छह लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि छह गंभीर रूप से घायल लोगों ने अस्पताल या फिर रास्ते में ही दम तोड़ दिया। करीब 23 लोग अभी घायल बताए जा रहे हैं। 
 
 
इनमें आठ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुंछ सड़क हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए लिखा कि पुंछ के  सावजियान में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। 
 
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। पुंछ के सावजियान में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
 
 पुलिस ने बताया कि पुंछ के साब्जियां इलाके से गुजर रही बस जब एक तीखे मोड़ पर पहुंची तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधा खाई में लुढ़क गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस व बचाव दल के कर्मी वहां पहुंच गए। 
 
खाई में उतरने के बाद उन्होंने घायलों को बस से निकाला और मुख्य सड़क से एम्बुलेंस व अन्य वाहनों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि 12 लोगों की अब तक मौत हो गई है। मरने वालों में तीन महिलाएं दो युवा भी शामिल हैं। अभी भी 23 लोग घायल हैं जिनमें आठ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।