पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन के राष्‍ट्रीय शोक की घोषणा की

पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन के राष्‍ट्रीय शोक की घोषणा की

पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन के राष्‍ट्रीय शोक की घोषणा की

न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली    26-04-2023

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्‍ट्रीय शोक की घोषणा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं मुख्यमंत्रियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। 

केंद्र सरकार ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक और कद्दावर नेता तथा पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। वहीं पंजाब सरकार ने बादल के सम्मान में बुधवार को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। 

इस दौरान सभी सरकारी, बोर्ड और निगम कार्यालय, स्कूल एवं उच्च शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे और राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख बादल (95) ने मंगलवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। 

शिअद ने यह फैसला लिया कि बादल का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह दस बजे यहां सेक्टर-28 स्थित पार्टी मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और जनता उन्हें 12 बजे तक अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेगी। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा चंडीगढ़ से शुरू होकर उनके मुक्तसर जिले में उनके पैतृक बादल गांव तक जाएगी। 

यह यात्रा राजपुरा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, रामपुरा फूल बठिंडा होते हुए बादल गांव पहुंचेगी जहां गुरुवार 27 अप्रैल को दोपहर एक बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

राष्ट्रपति मुर्मू ने बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, “प्रकाश सिंह बादल आजादी के बाद से सबसे बड़े राजनीतिक दिग्गजों में से एक थे…उनका निधन एक शून्य छोड़ गया है।” उपराष्ट्रपति धनखड़ ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बादल के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए इसे राष्ट्र के लिए भारी क्षति बताया है। 

धनखड़ ने यहां जारी एक संदेश में कहा “ प्रकाश सिंह बादल का निधन पंजाब और राष्ट्र के लिए भारी क्षति है। उन्हें सदैव असाधारण नेतृत्व, दूरदृष्टि और जनता के कल्याण के प्रति समर्पण के लिए याद रखा जाएगा।” धनखड़ ने कहा, “दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिजनों और मित्रों के साथ हैं। ओम शांति।”

पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “प्रकाश सिंह बादल के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह भारतीय राजनीति के एक विशाल व्यक्तित्व और एक उल्लेखनीय राजनेता थे। उन्होंने हमारे राष्ट्र के विकास में बहुत योगदान दिया। पंजाब की प्रगति के लिए बादल ने अथक प्रयास किया और महत्वपूर्ण समय के दौरान राज्य को नेतृत्व दिया।”