आयुष विभाग में डॉक्टर-फार्मासिस्टों के भरे जायेंगे 200 पद, हर साल 20 हजार को मिलेगी नौकरी : हर्षवर्धन चौहान

प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में रोजगार की राह देख रहे पात्र लोगों के लिए अब नौकरियों का पिटारा खुलने वाला है। आयुष विभाग में जल्द ही डॉक्टरों और फार्मासिस्टों के 200 पद भरे जाएंगे। यह बात करसोग दौरे पर आए उद्योग एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कही

आयुष विभाग में डॉक्टर-फार्मासिस्टों के भरे जायेंगे 200 पद, हर साल 20 हजार को मिलेगी नौकरी : हर्षवर्धन चौहान

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला      28-01-2023

प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में रोजगार की राह देख रहे पात्र लोगों के लिए अब नौकरियों का पिटारा खुलने वाला है। आयुष विभाग में जल्द ही डॉक्टरों और फार्मासिस्टों के 200 पद भरे जाएंगे। यह बात करसोग दौरे पर आए उद्योग एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कही। उन्होंने कहा कि विभाग में डॉक्टरों के 150 और फार्मासिस्टों के 50 पद भरे जाएंगे। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिला स्तर पर अस्पतालों में चल रहे कर्मा कर्मा पंचकर्म को भी केरल के आधार पर मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचकर्म ट्रीटमेंट को टूरिज्म से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पर्यटन निगम और अन्य प्राइवेट होटलों में पर्यटकों को केरल के आधार पर पंचकर्म का ट्रीटमेंट मिलेगा। मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि प्रदेश में रोजगार की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। 

हिमाचल में नवनिर्वाचित सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार इस साल 20 हजार युवाओं को नौकरी देगी। इसी तरह से अगले 5 सालों में एक लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए सब कमेटी की बैठक हो चुकी है। जिसमें नौकरियों के लेकर भी रोडमैप तैयार किया गया है। 

हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल मुश्किल दौर से गुजर रहा है। प्रदेश पर 75 हजार करोड़ का कर्ज है। इसी तरह से पूर्व सरकार कर्मचारियों की 11 हजार करोड़ की देनदारियां छोड़कर गई है। इसके अतिरिक्त एक हजार करोड़ का महंगाई भत्ता है, जो पूर्व सरकार ने नहीं दिया है। इसके बाद भी हिमाचल में विकास की गति को थमने नहीं दिया जाएगा। 

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल में औद्योगिक क्षेत्र निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रदेश में बंद पड़े उद्योगों को फिर से शुरू किया जाएगा। इसके लिए सरकार एक जैसे टैक्स मामलों में रियायत देकर उन्हें पुनः शुरू करेगी, ताकि कम निवेश के साथ अधिक लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ सरकार इस बात पर भी बल दे रही है कि हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र ज्यादातर सीमावर्ती जगहों पर है, लेकिन इसके साथ पिछड़े क्षेत्रों में भी उद्योगों की अपार संभावनाएं है। इसके लिए फ़ूड प्रोसेसिंग , कोल्ड स्टोर, और लोकल बेस मैटीरियल वाले उद्योगों पर भी जोर दिया जायेगा। 

प्रदेश के उद्योग, संसदीय और आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने करसोग में पूर्व मंत्री स्वर्गीय मनसा राम के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मिलकर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करसोग क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश की जनता ने एक स्वच्छ व ईमानदार छवि वाले व्यक्तित्व को खोया है, जिसकी कभी भरपाई नहीं की जा सकती। 

उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री स्वर्गीय मनसा राम के साथ उनके पारिवारिक संबंध रहे है। पूर्व मंत्री के निधन से कांग्रेस पार्टी को भारी क्षति हुई है। उन्होंने हमेशा ही एक मार्गदर्शक के रूप में कार्य करते हुए कांग्रेस पार्टी को सुदृढ़ करने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया।