ऊर्जा मंत्री ने 60 लाख से निर्मित होने वाले घृत बाहती चहांग महासभा के ज्ञान-भवन का किया शिलान्यास

बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश, सुख राम चौधरी ने आज गोंदपुर में घृत बाहती चहांग महासभा के ज्ञान-भवन का शिलान्यास किया। यह भवन लगभग 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित होगा

ऊर्जा मंत्री ने 60 लाख से निर्मित होने वाले घृत बाहती चहांग महासभा के ज्ञान-भवन का किया शिलान्यास

यंगवार्ता न्यूज़ - पांवटा साहिब     12-06-2022

बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश, सुख राम चौधरी ने आज गोंदपुर में घृत बाहती चहांग महासभा के ज्ञान-भवन का शिलान्यास किया। यह भवन लगभग 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित होगा।

ऊर्जा मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि घृत बाहती चहांग समाज के अधिकतर लोग खेती-बाड़ी से जुड़े हैं, इसलिए उन्हें यह याद रखना चाहिए कि उनके बुजुर्गों ने इस भूमि को अपनी मेहनत से संजोया है तथा उन्हें इसका सम्मान करना चाहिए। यह जमीन बुजुर्गों की सौगात है जो एक दिन उनके काम आएगी।

उन्होंने महासभा के लिए प्रति माह ऐच्छिक निधि से 11 हज़ार रुपए देने की घोषणा की। इस भवन के अंतर्गत आने वाली लगभग 200 मीटर सड़क को जल्द पक्का किया जाएगा तथा साथ लगती खड्ड पर पुल का निर्माण कार्य भी जल्द किया जाएगा। ज्ञान भवन के साथ लगभग 15 लाख की लागत से पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। 

ऊर्जा मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र की स्वयं सहायता समूहों को 11 हज़ार तथा महिला मंडलों को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारियों द्वारा ऊर्जा मंत्री को टोपी व शॉल से सम्मानित किया गया। 

इसके अतिरिक्त पदाधिकारियों द्वारा क्षेत्र से आए अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री द्वारा महासभा से जुड़े पुराने पदाधिकारियों व उसके परिवार के सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर अध्यक्ष महासभा नंद लाल, पूर्व विधायक फतेह सिंह महरालू, सचिव ओबीसी मोर्चा हिमाचल प्रदेश एवं चेयरमैन महासभा सुभाष चौधरी, सदस्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राहुल चौधरी, भजन चौधरी, अध्यक्ष भारतीय जनता,अधिशासी अभियंता विद्युत बोर्ड अजय चौधरी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एल. चौधरी, खण्ड विकास अधिकारी रवि प्रकाश जोशी तथा अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।