दर्दनाक हादसा : ऑक्सीजन की सप्लाई रुकने से 22 कोरोना मरीजों की मौत 

दर्दनाक हादसा : ऑक्सीजन की सप्लाई रुकने से 22 कोरोना मरीजों की मौत 

न्यूज़ एजेंसी - मुंबई  21-04-2021

महाराष्ट्र के नासिक से बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक अस्पताल में ऑक्सीजन लीक हो गई थी, जिसके बाद सप्लाई बंद कर दी गई। ऐसे में वेंटिलेटर पर मौजूद 22 मरीजों ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। 

जानकारी के मुताबिक नासिक के जाकिर हुसैन अस्पताल में वाल्व खुला रहने की वजह से ऑक्सीजन लीक हो गई थी। लीकेज बंद करने के लिए अस्पताल में सप्लाई रोक दी गई। उस वक्त अस्पताल में 23 कोरोना मरीज वेंटिलेटर पर थे, जिन्हें ऑक्सीजन मिलनी बंद हो गई। इनमें 22 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

 महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि टैंकर के वाल्व में दिक्कत होने के कारण काफी ऑक्सीजन लीक होने लगी थी। अस्पताल पर निश्चित रूप से इसका असर पड़ना था, लेकिन मुझे इसके बारे में जानकारी नहीं थी। उधर गृह मंत्री अमित शाह ने हादसा पर गहरी संवेदना प्रकट की है।

उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि नासिक के एक अस्पताल में ऑक्सीजन लीक होने से हुई दुर्घटना का समाचार सुन व्यथित हूं। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है। उनकी इस अपूरणीय क्षति पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। बाकी सभी मरीजों की कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

इस मामले पर महाराष्ट्र के मंत्री राजेंद्र शिंगने ने कहा कि हम विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हमने जांच के आदेश दे दिए हैं , जो लोग दोषी होंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। नासिक के कमिश्नर के अनुसार, अस्पताल में 150 मरीज एडमिट थे।  इनमें से 23 वेंटिलेटर पर थे।