कांग्रेस नेताओं की भाषा से उनके कार्यकर्ता भी आहत: जयराम ठाकुर

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के सरोआ में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। साथ ही मुख्यमंत्री कांग्रेस पर भी हमलावर

कांग्रेस नेताओं की भाषा से उनके कार्यकर्ता भी आहत: जयराम ठाकुर
कोरोना काल में कांग्रेस के नेताओं ने केवल शोर मचाने का काम किया : जयराम ठाकुर

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी   20-10-2021
 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के सरोआ में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। साथ ही मुख्यमंत्री कांग्रेस पर भी हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान कांग्रेस के नेता जिस तरह की भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनके कार्यकर्ताओं को भी पसंद नहीं आ रही।
 
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोरोना संकट आया तो कांग्रेस ने केवल शोर मचाने का काम किया। लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस देश ने मजबूती से इसका सामना किया और आज देश से कोरोना समाप्त होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में भी कांग्रेस के नेता केवल शोर मचाते रहे।
 
कांग्रेसी बेशक कुछ भी कहते रहें, लेकिन अगर पूरे देश में कोविड मैनेजमेंट में किसी राज्य ने बेहतर प्रदर्शन किया वो हिमाचल है। वैक्सीन लगाने में भी हिमाचल जैसा पहाड़ी प्रदेश अव्वल रहा। कांग्रेस के लोग तो ये प्रचार करते रहे कि कोरोना की वैक्सीन को मत लगवाओ इसके कई साइड इफेक्ट गिनवाए।
 
वही कांग्रेसी नेता वैक्सीन लगवाने के लिए कतार में लगे रहे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्व. रामस्वरूप शर्मा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनकी कमी हम महसूस कर रहे हैं। आज मंडी छोटी काशी के रूप में उन्ही की वजह से जानी जाती है। आज मंडी संसदीय सीट से पार्टी ने ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को टिकट दिया है।
 
हमने उन्हें जिताकर दिल्ली भेजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में कांग्रेस नेता ने जिस तरह से भाषण दिया उससे हर कोई आहत है। कांग्रेस के नेता भी कहते हैं कि उस नेता की तो भाषा ही ऐसी है।
 
कांग्रेस के लोगों ने भी कहा कि हमें भी उनकी ये भाषा पसंद नहीं आई। कांग्रेस नेता के भाषण से उनके कार्यकर्ता भी आहत हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मंडी के लोग उनको इसका जवाब देंगे।