कोरोना का कहर : कांगड़ा और बिलासुर में चार पॉजिटिव, 251 पहुंचा आंकड़ा

कोरोना का कहर : कांगड़ा और बिलासुर में चार पॉजिटिव, 251 पहुंचा आंकड़ा

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 27-05-2020

हिमाचल में चार और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें दो कांगड़ा जिले के और दो दिल्ली के चालक शामिल हैं, जो स्वारघाट में क्वारंटीन थे। दिल्ली और मंगोलपुरी के दोनों चालक सवारियां लेकर कुल्लू जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने इन्हें स्वारघाट में ही संस्थागत क्वारंटीन कर दिया था।

एक चालक 22 और दूसरा 25 मई को स्वारघाट पहुंचा था। उधर कांगड़ा जिले में दो और लोगों के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें एक जिला के फतेहपुर के नलहरी तलाड़ा का 29 वर्षीय पुरूष शामिल हैं, जो चार दिन पहले दिल्ली से परिवार सहित लौटा था। दूसरा 30 वर्षीय धर्मशाला के साथ लगते खनियारा का रहने वाला है और गुरुग्राम से तीन दिन पहले लौटा था। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है।

खनियारा का व्यक्ति तीन दिन से निफ्ट कांगड़ा में क्वारंटीन था। वहीं, फतेहपुर के नलहरी तलाड़ा का व्यक्ति परिवार सहित संस्थागत क्वारंटीन था। अब परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल जांचे जाएंगे। इनमें कोरोना के लक्षण नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें कोविड-19 केयर सेंटर डाढ़ में शिफ्ट कर दिया है।

प्रदेश में अब तक 251 मरीज संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 179 एक्टिव केस हैं, 70 ठीक हो चुके हैं, जबकि 5 की मौत हो चुकी है। फतेहपुर उपमंडल की तलाड़ा पंचायत के वार्ड चार के नलाड़ी गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज आने हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार व्यक्ति 23 मई रात को दिल्ली से परिवार के साथ घर के लिए निकला था।

अगले दिन सुबह पत्नी, बड़े भाई-भाभी और माता के साथ दिल्ली के रघुवीर नगर से घर पहुंचा था। युवक ने अपने परिवार के आने की जानकारी तलाड़ा पंचायत प्रधान उषा देवी को दी थी। परिवार के सभी सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया था। कोरोना पॉजिटिव आए व्यक्ति के परिवार में उनके पिता भी हैं, जो पहले से तलाड़ा नलाड़ी स्थित अपने घर में रहते हैं। व्यक्ति को हल्का जुकाम था।

इसी बीच, मंगलवार को दिल्ली से आने वाले परिवार के सभी सदस्यों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने राजा का तालाब में लिए थे। बुधवार को व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

उपमंडल फतेहपुर में कोरोना पॉजिटिव का यह दूसरा मामला है। इससे पहले उपमंडल फतेहपुर की गोलवां पंचायत का एक युवक पॉजिटिव पाया गया था। उधर, बीएमओ फतेहपुर डॉ. आरके मेहता ने बताया कि तलाड़ा पंचायत के व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोरोना केयर सेंटर डाढ़ भेज दिया गया है।